पॉली क्लीनिक में 28 पदों के लिए निकली भर्ती, बिना इंटरव्यू विशेषज्ञों का चयन, जानें प्रोसेस

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रस्तावित 14 पॉली क्लीनिक के लिए स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 28 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं, लेकिन अभी तक 16 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। कमेटी बिना इंटरव्यू विशेषज्ञों का चयन करेगी।

शहर में संचालित 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) में एमबीबीएस डॉक्टर तैनात हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को गंभीर या विशेष उपचार के लिए बड़े अस्पतालों जाना पड़ता है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने पिछले वर्ष 14 पॉली क्लीनिक शुरू करने की योजना बनाई थी। 

प्रत्येक क्लीनिक में दो विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए जाएंगे। ईएनटी, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, एमडी मेडिसिन, कैंसर समेत विभिन्न विशेषज्ञ भी सेवाएं देंगे। प्रतिदिन पांच हजार के हिसाब से विशेषज्ञों को भुगतान दिया जाएगा। प्रत्येक क्लीनिक की स्थापना के लिए 10 लाख का बजट निर्धारित है।

विशेषज्ञों की उपलब्धता के अनुसार ओपीडी के दिन तय किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति होते ही पॉली क्लीनिकों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्च के अंत तक इन क्लीनिकों में मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएं मिलने लगेंगी।

ये भी पढ़ें : 
इन विषयों पर मजबूत पकड़ से सरकारी नौकरी करें पक्की

संबंधित समाचार