UP: गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में आप का प्रदर्शन, नाले के पानी से चूल्हे को जलाने का प्रयास
रामपुर, अमृत विचार। गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मोदी मंत्र के तहत नाले के पानी में पाइप डालकर गैस का चूल्हा जलाने का प्रयास किया। महिलाओं ने लोहे के चूल्हे में उपले जलाकर रोटियां बनाईं। प्रदेश प्रवक्ता फैसल खां लाला ने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
आप कार्यकर्ता शनिवार को बरेली गेट स्थित कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद प्रदेश प्रवक्ता और जिलाध्यक्ष अंसार अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने चूल्हे में उपले जलाकर रोटी पकाई जबकि, पदाधिकारियों ने नाले के पानी से गैस बनाने के मंत्र का इस्तेमाल कर बरेली गेट स्थित नाले में पाइप डालकर गैस का चूल्हा जलाने का प्रयास किया लेकिन, यह प्रयास विफल रहा। प्रदेश प्रवक्ता फैसल खां लाला ने कहा कि वर्तमान समय में देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है। घरेलू गैस के दामों में 60 और कमिर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 120 रुपये की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस दौरान यासीन उर्फ गुड्डू खां,सभासद सरफ़राज़ गुडडू, आरिफ सिकंदर राजू, मोहम्मद आसिफ, वकील अहमद, मोहम्मद तारिक, शारिक परवेज, मोहम्मद वकील, अब्दुल अय्यूब, फैजान सैफी, वकील हैदराबादी, नियाज अहमद, बशीर अहमद, इकबाल हुसैन, इमरान, शिराज अहमद, मुन्ने अली, मोहम्मद सलीम, सलीम अहमद, एजाज अहमद, पूर्व प्रधान रईस उद्दीन, इकरार अहमद,सलीम अहमद, जावेद हबीब, फायजा बी, महबूब जहां, समीना बी, शाहीन बी, शहनाज मालिक,मैसरा मुख्तार, राशिद अली, नजम खां, फैज़ खां, जुबैर मियां,आमिर खां, नासिर हुसैन, शिराज जमील खां, वासिफ खां, अब्दुल समद, उवैज खां, एहतेशाम खान, तालिब खान,मामून खां,आशु अंसार आदि मौजूद रहे।
कई हिस्सों से आ रहे चिंताजनक आंकड़े
देश के कई हिस्सों से चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और लगभग 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है। तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं, जबकि पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे है ।
दामों में वृद्धि को तत्काल वापस लें
जिलाध्यक्ष अंसार अहमद ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस और पारदर्शी नीति लागू की जाए। महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे।
