SI भर्ती परीक्षा में पहले दिन 1,26,000 हजार अभ्यर्थी रहे गैर हाजिर... पेपर लीक कराने का फर्जी दावा करने वाले तीन गिरफ्तार, सात टेलीग्राम चैनलों पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दोनों पालियों में 5,31,765 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, पूछे गए 160 सवाल... आज भी होगी दो पालियों में परीक्षा, कंट्रोल रूम के जरिए रखी गई नजर

लखनऊ, अमृत विचार: यूपी पुलिस में एसआई पद के लिए हुई लिखित परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इस दौरान शनिवार को दोनों पालियों की परीक्षा में 5,31,765 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 1,26,000 से अधिक अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। उधर फर्जी तौर पर पेपर लीक का दावा कर परीक्षार्थियों से धन वसूलने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया, साथ ही सात टेलीग्राम ग्रुपों के खिलाफ मुकदमा कायम करा दिया गया है। उधर रविवार को भी प्रदेश के सभी केन्द्रो पर दोनों पालियों में परीक्षा कराई जाएगी।

यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा निकाली गईं 4,543 पदों के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसके लिए शनिवार को प्रदेश के 75 जिलों के 1090 परीक्षा केन्द्रों पर सुबह दस से 12 बजे और अपरान्ह तीन बजे से शाम पांच बजे की दो पालियों मे परीक्षा हुईं। पुलिस भर्ती बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश भर में पहली पाली में 2,63,838 और दूसरी पाली में 2,67,927 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस तरह पहले दिन 67 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल रहे, जबकि करीब 33 फीसदी गैर हाजिर रहे। परीक्षा में 160 पूछे गए, वहीं पांच मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया। प्रवक्ता ने दावा किया कि कंट्रोल रूम के जरिए प्रदेश भर के परीक्षा केन्द्रों पर निगरानी रही। पूरी तरह से परीभा शांति पूर्वक संपन्न हुई। किसी भी केन्द्र से अप्रिय घटना होने की खबर नहीं हैं।

MUSKAN DIXIT (23)

ड्रोन से निगरानी, ज्वैलरी उतरवाई

परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रों पर जहां थ्री-लेयर की सुरक्षा व्यवस्था रही, वहीं कई केन्द्रों पर ड्रोन से निगरानी की गई। इस दौरान युवकों के जूते चप्पल व बेल्ट उतरवाई गए, जबकि कुछ के हाथ में बंधे कलावा भी काटे गए। महिला अभ्यर्थियों की ज्वैलरी उतरवाई गई। किसी भी परीक्षार्थी को बिना आईडी और प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा केन्द्र के आसपास की सभी फोटोस्टेट और कंप्यूटरों को सेंटरों को बंद करा दिया गया।

तीन गिरफ्तार, सात ग्रुपों पर मुकदमा

परीक्षा के दौरान आगरा में आयुष पुत्र मनोज बघेल निवासी इंजीनियरिंग कालोनी आगरा को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि युवक विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर परीक्षा का फर्जी पेपर लीक होने की अफवाह फैलाकर अभ्यर्थियों से धन ऐंठ रहा था। इसे लेकर पुलिस भर्ती बोर्ड ने एक्स हैंडल पर खंडन कर वायरल कथित प्रशनपत्र को फर्जी करार दिया था। वहीं दूसरी ओर परीक्षा शुरू होने से पहले ही अलीगढ़ में शुक्रवार की देर रात ललित पुत्र प्रेमपाल निवासी छज्जूपुर और हरिकेश पुत्र घमंडी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ललित अभ्यर्थी हरिकेश के बदले साल्वर बैठाने का झांसा दे रहा था।

MUSKAN DIXIT (25)

भर्ती बोर्ड के डीआईजी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के मुताबिक टेलीग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया माध्यमों पर फर्जी प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जाने वाले सात एकाउंट के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया है।

उधर पुलिस भर्ती और प्रोन्नत बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने कहा कि जो लोग परीक्षा को लेकर भ्रामक सूचना फैला रहे हैं, उन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थी ऐसे भ्रामक संदशों से सावधान रहें और परीक्षा पूरे मनोयोग से दें।

संबंधित समाचार