Bareilly: अग्निवीर अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन की व्यापक तैयारी, अस्थायी शेल्टर होम बनाए गए

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। जाट रेजिमेंट केंद्र में 11 से 19 मार्च तक चलने वाली इस भर्ती रैली में रुहेलखंड क्षेत्र समेत आसपास के करीब दर्जनभर जिलों से प्रतिदिन हजारों युवाओं के पहुंचने की उम्मीद है। युवाओं की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम ने उनके ठहरने और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। प्रशासन का प्रयास है कि भर्ती में शामिल होने आने वाले अभ्यर्थियों को शहर में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर नगर निगम ने शहर में छह स्थायी और पांच अस्थायी शेल्टर होम तैयार किए हैं। इन शेल्टर होम में एक साथ सैकड़ों अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भर्ती रैली के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। अस्थायी शेल्टर होम शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बनाए गए हैं। 

इनमें बाकरगंज, सैदपुर हॉकिंस, बदायूं रोड, पटेल चौक और चौपुला चौराहा शामिल हैं, जहां बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रुकने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा पुराना रोडवेज बस स्टैंड, हरूनगला, छोटी बिहार, सेटेलाइट बस स्टैंड, डेलापीर मंडी और प्रेमनगर क्षेत्र के स्थायी शेल्टर होम को भी भर्ती रैली के मद्देनजर तैयार किया गया है। इन स्थानों पर दूर-दराज से आने वाले युवाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित ठहरने की सुविधा दी जाएगी। नगर निगम की टीमें साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रही हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली में आने वाले युवाओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें। कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि भर्ती के लिए आने वाले युवाओं को बेहतर और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराया जाए।

शेल्टर होम में रजाई-गद्दे, पेयजल और शौचालय की होगी सुविधा
अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शेल्टर होम में व्यापक इंतजाम किए हैं। यहां ठहरने वाले युवाओं के लिए रजाई-गद्दे, स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे शौचालय की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही रोशनी, बैठने की व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर निगम की टीमें लगातार इन व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सभी शेल्टर होम में साफ-सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिससे युवाओं को आरामदायक और सुरक्षित माहौल मिल सके।


ट्रेडवार कब, किस जिले की होगी भर्ती
11 मार्च- अग्निवीर (टेक्निकल) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए)।
12 मार्च- अग्निवीर (ट्रेड्समेन 8वीं, 10वीं) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए और अग्निवीर (क्लर्क/एसकेटी)
13 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी।
14 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) शाहजहांपुर, सीतापुर।
15 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) संभल और पीलीभीत।
16 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) हरदोई।
17 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) फर्रुखाबाद।
18 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बदायूं।
19 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बरेली।

 

संबंधित समाचार