Bareilly: बुलडोजर कार्रवाई पर व्यापारियों में आक्रोश, आज एडीएम सिटी और नगर आयुक्त से मिलेंगे
बरेली, अमृत विचार। कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक नगर निगम की ओर से चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। वर्षों पुरानी दुकानों के सामने बने हिस्सों को अतिक्रमण बताकर बुलडोजर चलाए जाने के विरोध में व्यापारी अब खुलकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
संयुक्त उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में व्यापारी सोमवार को नगर आयुक्त और एडीएम सिटी से मिलकर विरोध दर्ज कराएंगे। व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई पूरी तरह पक्षपातपूर्ण तरीके से की जा रही है और जानबूझकर छोटे दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
व्यापारी अजय, शिव कपूर, मदन, सुमित का कहना है कि कोहाड़ापीर चौराहे पर बना बिजली विभाग का सब स्टेशन और पेट्रोल पंप खुद सड़क पर अतिक्रमण की स्थिति में हैं, जिनकी वजह से सबसे ज्यादा जाम लगता है। इसके बावजूद इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उनका आरोप है कि नगर निगम सड़क चौड़ीकरण के नाम पर दशकों से कारोबार कर रहे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर असर डाल रहा है। यदि प्रशासन ने इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
दरअसल, सीएम ग्रिड योजना के तहत कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। प्रवर्तन दल और निर्माण विभाग की टीम शनिवार को बुलडोजर लेकर पहुंची और भारत सेवा ट्रस्ट कार्यालय के सामने लल्ला मार्केट में टीन शेड व प्लेटफॉर्म हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। इससे नाराज व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई पर सवाल उठाए। काफी देर तक हंगामे और तीखी नोकझोंक का माहौल बना रहा।
व्यापारियों की मानें तो सुनवाई न होने पर वह नगर विकास मंत्री तक शिकायत लेकर जाएंगे। इधर, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि सीएम ग्रिड परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसमें केवल बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। अवैध अतिक्रमण पर पहले ही निशान लगाए जा चुके थे और दुकानदारों को मौखिक रूप से भी चेतावनी दी गई थी। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान सोमवार को भी जारी रहेगा।
