अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन इटावा में खौफनाक वारदात : जीजा ने साली को उतारा मौत के घाट, वजह जान पुलिस भी रह गई सन्न

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी रिश्ते की नाबालिग साली की ईंट से कुचलकर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस के अनुसार सैफई थाना क्षेत्र के नगला सुभान गांव निवासी सुनैना (16) कक्षा 11 की छात्रा थी और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि चार मार्च को होली के दिन उसका रिश्ते का जीजा विजय उसे अपने साथ लेकर दिल्ली चला गया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। 

परिजनों का आरोप है कि दिल्ली में एक मंदिर में विजय ने सुनैना से शादी कर ली थी। इस संबंध में फोटो और वीडियो भी परिजनों को भेजे गए थे। शादी की जानकारी मिलने के बाद सुनैना की मां ने उससे फोन पर बात कर घर लौटने के लिए कहा। इसके बाद विजय उसे लेकर वापस इटावा आ गया।

पुलिस के अनुसार इटावा के कोतवाली क्षेत्र में विजय ने सुनैना की ईंट से सिर कुचलकर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। 

मृतका के पिता रघुराज सिंह ने बताया कि 4 मार्च को विजय उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और दिल्ली में उससे शादी कर ली। बाद में जब उनकी बेटी वापस आई तो उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के भाई शिवम का कहना है कि आरोपी विजय पहले भी करीब पांच साल पहले उनकी मौसी की बेटी निशा को भगा कर शादी कर चुका है, जिससे उसका एक बेटा भी है। विजय हलवाई का काम करता था।

घटना के बाद पुलिस ने शव को डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि आरोपी विजय ने खुद थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी है। 

संबंधित समाचार