ठाकुरगंज अस्पताल की इमरजेंसी होगी आधुनिक तीन मंजिला भवन में शिफ्ट, निर्माण कार्य अगले चार महीनों में पूरा होने का लक्ष्य
10 बेड वाली इमरजेंसी को मिलेगा नया 8 बेड एचडीयू और ओटी
लखनऊ, अमृत विचार : करीब एक दशक से टिनशेड के नीचे संचालित ठाकुरगंज टीबी संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी अब पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस तीन मंजिला पक्का भवन में शिफ्ट होगी। शासन ने इसके लिए 2.76 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि नई इमारत के भूतल पर आधुनिक इमरजेंसी वार्ड बनाया जाएगा। प्रथम तल पर 8 बेड की एचडीयू (हाई डेपेंडेंसी यूनिट) स्थापित की जाएगी, जबकि द्वितीय तल पर पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विभाग शिफ्ट किए जाएंगे। इसके अलावा इमरजेंसी के लिए एक अलग ओटी (ऑपरेशन थिएटर) भी बनाया जाएगा।
वर्तमान में 200 बेड की क्षमता वाले इस अस्पताल में इमरजेंसी के लिए केवल 10 बेड उपलब्ध हैं। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को सौंपी गई है और अस्पताल प्रशासन ने संस्था को काम शुरू करने के लिए पत्र भेज दिया है।
निर्माण कार्य के दौरान इमरजेंसी सेवाओं को अस्थायी रूप से पुराने ओपीडी ब्लॉक में शिफ्ट किया जाएगा। लक्ष्य है कि अगले चार महीनों के भीतर नया भवन तैयार हो और इमरजेंसी सेवाओं को नए परिसर में स्थानांतरित किया जाए, जिससे मरीजों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
