अग्निवीर भर्ती रैली: टेंपो और ई-रिक्शा वाले मनमाना किराया नहीं वसूल पाएंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। अग्निवीर भर्ती को ध्यान में रखते हुए विशेष पहल की गई है। सिटी बस सर्विसेज के तहत संचालित 16 ई-बसें सीधे जाट रेजिमेंट सेंटर तक अभ्यर्थियों को ले जाएंगी। ये बसें बरेली रेलवे जंक्शन से सेटेलाइट मार्ग से होकर रैली स्थल तक पहुंचेंगी। वापसी में अपने निर्धारित रूट पर लौट जाएंगी। 

भर्ती में शामिल होने आने वाले युवाओं को इसके लिए केवल 10 रुपये किराया देना होगा। प्रशासन ने यह कदम खासतौर पर इसलिए उठाया है, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों से टेंपो और ई-रिक्शा वाले मनमाना किराया नहीं वसूल पाएं।

प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने बताया कि यह सेवा 11 मार्च से 23 मार्च तक चलेगी। सैटेलाइट मार्ग से गुजरने वाली ई-बसों के माध्यम से सभी अभ्यर्थियों को सीधे भर्ती स्थल तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। इस मार्ग की निगरानी के लिए विशेष टीम भी तैनात रहेगी, जिससे शहर और आसपास के जिलों से आने वाले हजारों अभ्यर्थियों की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित बने। 

आरएम दीपक चौधरी का कहना है कि इस पहल से न केवल अभ्यर्थियों को सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन मिलेगा, बल्कि शहर में टेम्पो और ई-रिक्शा वालों की ओर से की जाने वाली लूटमार और अतिरिक्त किराया वसूलने की शिकायतों पर भी लगाम लगेगी।

संबंधित समाचार