लखनऊ : ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट के लिए एलडीए ने बढ़ाई पंजीकरण की तिथि, अब 15 अप्रैल तक करा सकेंगे आवेदन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट योजना में फ्लैट्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक आवेदक 15 अप्रैल तक पंजीकरण करा सकेंगे। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आम लोगों की मांग को देखते हुए पंजीकरण अवधि एक माह के लिए बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

इस आवासीय परियोजना में लगभग 1900 वर्गफीट क्षेत्रफल के कुल 384 प्रीमियम फ्लैट बनाए जाएंगे। पंजीकरण केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकेगा। इसके लिए फ्लैट की अनुमानित कीमत का पांच प्रतिशत पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह शुल्क 2.5 प्रतिशत रखा गया है। फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा।

एलडीए के अपर सचिव सी पी त्रिपाठी के अनुसार यह ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट ऐशबाग में मिल रोड पर विकसित किया जाएगा, जिसकी लोकेशन काफी प्राइम होगी। योजना से कुछ ही दूरी पर चारबाग रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के साथ नाका, आलमबाग और अमीनाबाद जैसे प्रमुख बाजार मौजूद हैं। करीब 17,910 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस परियोजना में 27 मंजिला के चार टावर बनाए जाएंगे।

अपार्टमेंट में 3 बीएचके व स्टडी श्रेणी के 384 फ्लैट होंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल लगभग 1900 वर्गफीट होगा और इसकी शुरुआती कीमत 1.11 करोड़ रुपये रखी गई है। परियोजना में निवासियों के लिए स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा परिसर में व्यावसायिक जरूरतों के लिए कॉमर्शियल दुकानें भी बनाई जाएंगी। एलडीए ने इस परियोजना का निर्माण तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है, जबकि आवंटियों को पांच वर्ष के भीतर फ्लैट का कब्जा देने की योजना है। आवंटन के बाद खरीदारों को 36 महीनों की किश्तों में पूरी राशि जमा करनी होगी। वहीं, 45 से 90 दिनों के भीतर पूरी रकम जमा करने पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।

संबंधित समाचार