Moradabad: प्रशासन ने संभाली गैस एजेंसी, कतार में लगकर खरीदा सिलेंडर
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। नगर के काशीपुर चुंगी स्थित भावना भारत गैस सेवा की संचालिका रामसखी देवी के एजेंसी सरेंडर करने के बाद सोमवार को प्रशासन को खुद आगे आकर गैस वितरण की व्यवस्था संभालनी पड़ी। जिलाधिकारी प्रीति सिंह के निर्देश पर तहसील प्रशासन और पूर्ति विभाग की टीम ने एजेंसी का प्रभार लेते हुए उपभोक्ताओं को रसोई गैस का वितरण शुरू कराया।
गैस वितरण शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी परिसर पर पहुंच गए। सिलेंडर बुक कराने और लेने के लिए सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं और देर शाम तक भीड़ का सिलसिला जारी रहा। कई उपभोक्ता घंटों इंतजार करते नजर आए, जिससे अव्यवस्था की स्थिति भी बनी रही।
पूर्ति अधिकारी जयवीर सिंह ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी को गैस उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी उपभोक्ता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एजेंसी संचालिका रामसखी देवी ने अपना इस्तीफा कंपनी अधिकारियों को भेज दिया है, लेकिन अभी तक उसे औपचारिक रूप से स्वीकार नहीं किया गया है।
ऐसे में अंतिम निर्णय होने तक गोदाम में उपलब्ध भरे सिलेंडरों का वितरण प्रशासन और पूर्ति विभाग की निगरानी में कराया जा रहा है। उधर कंपनी के सेल्स मैनेजर प्रतीक उपाध्याय का कहना है कि कंपनी अपने नियमों के अनुसार ही काम करती है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन द्वारा गैस वितरण कराया जा रहा है और कंपनी के उच्च अधिकारियों के निर्णय के बाद ही आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
इधर एजेंसी संचालिका के इस्तीफे का पत्र सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल स्थिति यह है कि गैस एजेंसी पर प्रशासन की मौजूदगी में सिलेंडर तो मिल रहे हैं, लेकिन हालात ऐसे बन गए हैं कि उपभोक्ताओं को अपने ही रसोई गैस के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
