विकास का अहम हिस्सा: नव निर्मित बस स्टेशन का लोकार्पण कर बोले परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह, जनता को सीधा लाभ
बाराबंकी, अमृत विचार। भिटरिया में नव निर्मित बस स्टेशन का मंगलवार को लोकार्पण प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दया शंकर सिंह और राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने फीता काटकर किया। लगभग 3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बने इस आधुनिक बस स्टेशन से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जाग उठीं। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंदिर के ट्रस्टी डॉ. शिवाकांत त्रिवेदी द्वारा पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद मंत्री दया शंकर सिंह ने परिवहन विभाग की पांच बसों को हरी झंडी दिखाकर रायबरेली, चित्रकूट, अयोध्या, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कौशांबी, दिल्ली और हैदरगढ़ सहित विभिन्न शहरों के लिए रवाना किया।
मुख्य अतिथि दया शंकर सिंह ने कहा कि यह बस स्टेशन विधानसभा दरियाबाद क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा और परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि रामसनेहीघाट क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से लोगों को बस स्टैंड की कमी का सामना करना पड़ रहा था। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए इधर उधर भटकना पड़ता था, लेकिन अब इस बस स्टेशन के निर्माण से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
इस दौरान उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह, क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्र, परिवहन निगम लखनऊ क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ, बाराबंकी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जमीला खातून, केंद्र प्रभारी ए.के. अवस्थी, प्रभारी लाल बहादुर श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष राम भुल्लन वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह रिंकू सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें :
राष्ट्रपति का अयोध्या दौरा: 18 घंटे बंद रहेगा हाईवे, कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा डायवर्जन
