बाराबंकी : अधिकारियों से बोले डीएम- संसाधनों का बेहतर उपयोग कर बढ़ाएं आय, मजबूत करें राजस्व
बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन व अन्य अधिकारियों के साथ नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली और विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी निकायों में सप्ताह में एक दिन अतिक्रमण विरोधी अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जाए और सतत प्रवर्तन सुनिश्चित हो, ताकि सड़कों पर दुकानें न लगें।
सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों पर अतिक्रमण मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही तालाबों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में उन पर कब्जा न होने पाए। आय बढ़ाने के लिए तालाबों को मत्स्य पालन के लिये नियमानुसार नीलाम करने और अन्य स्रोत विकसित कर राजस्व सुदृढ़ने के निर्देश दिए। स्वच्छता व्यवस्था में प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित करने तथा खाली प्लॉटों पर कूड़ा न जमा होने देने को कहा गया।
डीएम ने निर्माणाधीन कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, कल्याण मंडप निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और शहरी आजीविका मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
