लखीमपुर खीरी : अनियंत्रित डीसीएम की टक्कर से महिला की मौत, हाईवे किया जाम
मैगलगंज, अमृत विचार। मैगलगंज कोतवाली के पास भीड़भाड़ के बीच तेज रफ्तार और अनियंत्रित डीसीएम की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को कोतवाली गेट के सामने हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
मृतका की पहचान देवकी (42) पत्नी राकेश कुमार, निवासी रहजनिया के रूप में हुई है। मृतका के पति राकेश कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी की दवा लेकर बरगावां रोड से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मैगलगंज कोतवाली के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी पत्नी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि कोतवाली परिसर में किसी संगठन के कार्यक्रम के चलते सड़क किनारे वाहनों की भीड़ लगी थी, जिससे मार्ग संकरा हो गया था और इसी वजह से यह हादसा हुआ। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को कोतवाली गेट के सामने रखकर हाईवे जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी मितौली यादवेंद्र यादव और धौरहरा के क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया। घटना की सूचना पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जुगुल किशोर भी मृतका के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस बाबत सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही डीसीएम की तलाश की जा रही है। जल्द ही वाहन को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
