Moradabad: एकीकृत कमांड सेंटर से निगरानी फिर भी मनमानी, बेतरतीब वाहन लगा रहे जाम 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में जहां तहां बेतरतीब वाहन खड़ा करने से आए दिन जाम लग रहा है। अतिक्रमण भी इसमें प्रमुख वजह बन रही है। अतिक्रमण अभियान रस्म अदायगी साबित हो रहे हैं। कुछ दिन बाद ही स्थिति जस की तस हो जाती है।

महानगर में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की निगरानी के लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से पीलीकोठी स्थित नगर आयुक्त के शिविर कार्यालय परिसर में 2.39 अरब रुपये की लागत से एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निर्माण किया गया है। 256 सेंसरयुक्त कैमरे से पूरे महानगर की यातायात व्यवस्था की निगरानी पुलिस करती है। लेकिन इसके बाद भी महानगर में यातायात व्यवस्था आए दिन लड़खड़ाती है।

 सड़क की पटरी और कई जगह डिवाइडरों के पास चार व दोपहिया वाहन खड़ा करने से जाम लगता है। वहीं फुटपाथ पर अतिक्रमण भी इसकी वजह बनती है। ऊपर से ई-रिक्शा चालकों की बढ़ती संख्या और उनकी मनमानी प्रमुख चौक चौराहे गुरहट्टी, कलेक्ट्रेट, बुध बाजार, डिप्टी गंज, रेलवे स्टेशन रोड, कांठ रोड पर हरथला और अन्य जगहों पर यातायात बाधित करती है। 

यातायात पुलिस कर्मी केवल बाहरी वाहनों की चेकिंग में लगे रहते हैं जबकि स्थानीय नंबर के वाहनों की वह अनदेखी करते हैं। इससे सड़क किनारे दोपहिया, चार पहिया वाहन खड़ा कर लोग खरीदारी और अन्य काम निपटाते हैं। महानगर के अधिकांश शापिंग कांप्लेक्स के बाहर पार्किंग एरिया न होने से भी वाहनों को सड़क पर खड़ा करने की मजबूरी होती है।

जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन ने मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए कई जगह चिह्नित किए लेकिन अभी केवल टाउनहाल पर ही मल्टी स्टोरी पार्किंग बनी है। लेकिन इसके बाद भी वाहन बाहर ही खड़े रहते हैं। जिससे टाउनहाल क्षेत्र में हर दिन जाम लगता है। रविवार को तो इस क्षेत्र में जाने से भी लोग कतराते हैं। महानगर की चरमराई यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी दिखावा साबित हो रहा है।

संबंधित समाचार