लव जिहाद हिंदू समाज के लिए गंभीर खतरा: RSS प्रांत प्रचारक संजय सिंह का बड़ा बयान, अवध में 2800 से अधिक शाखाओं से बढ़ रहा संगठन
लखनऊ, अमृत विचार: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अवध प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह संजय सिंह ने कहा कि लव जिहाद हिंदू समाज के लिए एक बड़ा खतरा है। इस विषय को लेकर संघ गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने मंगलवार को जियामऊ स्थित विश्व संवाद केंद्र में प्रेस वार्ता में संगठन के विषयों पर अपनी बात रखी।
संजय सिंह ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम विजयादशमी से लगातार चल रहे हैं। घर-घर संपर्क, सद्भाव बैठकों और नागरिक गोष्ठियों के जरिए समाज में सकारात्मक सोच और कर्तव्यबोध को बढ़ावा दिया जा रहा है। अवध प्रांत में संगठन के विस्तार के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि 2888 मंडल-बस्तियों में से 2860 में नियमित शाखाएं संचालित हो रही हैं। 18,993 गांवों में से 15,864 गांवों में घर-घर संपर्क पूरा हो चुका है। 2728 स्थानों पर हिंदू सम्मेलन और अनेक सामाजिक सद्भाव बैठकों का आयोजन किया गया है। संघ ने आगामी समय में युवाओं को जोड़ने, नई शाखाएं बढ़ाने और ‘पंच परिवर्तन’ के विचारों को समाज में व्यापक स्तर पर लागू करने का लक्ष्य रखा है। अंत में ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
हरियाणा बैठक के प्रमुख निर्णयों की दी जानकारी
प्रेस वार्ता में प्रांत संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह ने हरियाणा के समालखा में हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के प्रमुख निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता और समाज की सज्जन शक्ति को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के संदेश का उल्लेख करते हुए बताया गया कि संत रविदास के 650वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने की प्रवृत्तियों पर चिंता जताई गई है। संघ का मानना है कि संत रविदास के विचारों को अपनाकर ही सामाजिक एकता को मजबूत किया जा सकता है।
संघ की प्रमुख बातें
• “लव जिहाद” को बताया बड़ा खतरा
• सामाजिक समरसता पर विशेष जोर
• संत रविदास के विचारों को अपनाने की अपील
• शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम जारी
अवध प्रांत में विस्तार
• 2888 में से 2860 स्थानों पर शाखाएं
• 15,864 गांवों में घर-घर संपर्क
• 2728 स्थानों पर हिंदू सम्मेलन
• युवाओं को जोड़ने और नई शाखाओं पर फोकस
