Bareilly: सीआईसी तैयार, अब यहीं बनेगा शुद्ध पनीर, रबड़ी और पास्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सौ फुटा रोड पर स्थापित कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर (सीआईसी) में जल्द दूध, टमाटर और बेकरी उत्पादों का उत्पादन शुरू होने जा रहा है। यहां लगी अत्याधुनिक मशीनों का सफल ट्रायल हो गया है। स्टाफ को तैनात करने की प्रक्रिया चल रही है। उत्पादन शुरू होने के बाद बाजार में शुद्ध खाद्य उत्पाद उपलब्ध मिलने शुरू हो जाएंगे।

कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर में दूध प्रोसेसिंग, बेकरी और टमाटर प्रोसेसिंग की तीन अलग-अलग यूनिट स्थापित की गई हैं। दूध प्रोसेसिंग यूनिट में दूध की गुणवत्ता की पहले जांच की जाएगी। इसके बाद उससे पनीर, खोया, रबड़ी, पेड़ा, बर्फी और छाछ जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। बेकरी यूनिट में ब्रेड, टोस्ट, कुकीज, पास्ता का उत्पादन होगा। तीसरी यूनिट फलों-सब्जियों की प्रोसेसिंग के साथ टमाटर सॉस, प्यूरी, जैम, जेली और जूस तैयार किए जा सकेंगे। 

राष्ट्रीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी प्रधानाचार्य अंशिल सिंहा ने बताया कि ये तीनों प्रोसेसिंग यूनिट सेंटरों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत विकसित किया जा रहा है। इसके लिए कार्यदायी संस्था गिली ग्रफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के इंजीनियरों ने मशीनों का ट्रायल किया। अब कंपनी ऑपरेटर और तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया में जुटी है। शुरुआती चरण में कंपनी अपने उत्पाद तैयार करेगी, इसके बाद मशीनों के संचालन की लागत के आधार पर किसानों और लघु उद्यमियों के लिए प्रोसेसिंग शुल्क तय किया जाएगा।

संबंधित समाचार