Moradabad: मूंढापांडे हादसा...घर में अकले कमाने वाले थे अनिल नेगी, मौत से टूट गया परिवार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे क्षेत्र के मनकरा मोड़ पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चौथे व्यक्ति की पहचान देर रात अनिल नेगी के रूप में हुई। परिजनों ने मंगलवार सुबह मूंढापांडे थाने पहुंचकर जानकारी ली। परिवार वालों ने बताया कि अनिल रविवार की सुबह बच्चों और अपनी मां के पास आए थे और सोमवार को वापस जा रहे थे। वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे।

उनके पड़ोसी संजय भट्ट ने बताया कि अनिल मूल रूप से मथुरा के रहने वाले हैं। एक दशक पहले टाटा स्टील फैक्ट्री में हल्द्वानी ब्रांच में नौकरी शुरू की थी। इसके बाद अनिल ने पीली कोठी सर्वोदय कॉलोनी फेस टू में अपना घर बनाया था जिसमें वह अपनी मां और बीवी बच्चों के साथ रहते थे। उन्हें कंपनी ने गाजियाबाद में मार्केटिंग मैनेजर बना दिया था। अनिल का बेटा अभी सातवीं कक्षा और बेटी 12 वीं कक्षा में पढ़ती है। उनके घर में उनके अलावा कोई कमाने वाला नहीं है। 

सोमवार सुबह करीब 6 बजे रामपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी थी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इनमें अनिल नेगी भी थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

 

संबंधित समाचार