ब्रज की धरा पर राष्ट्रपति मुर्मू भक्ति रस से सराबोर : नींव करौरी आश्रम में नवाया शीश, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मथुरा। कान्हा नगरी मथुरा में अपने तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भक्ति रस में सराबोर नजर आयीं। वृंदावन पहुंचीं मुर्मू ने प्रख्यात संतों से भेंट कर आशीर्वाद लिया, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजामों के बीच राष्ट्रपति का यह दौरा ब्रज की सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को सम्मान देने वाला रहा।
राष्ट्रपति मुर्मू सबसे पहले प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं। वहाँ उन्होंने महाराज श्री से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और विभिन्न आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। संत महाराज ने राष्ट्रपति को ब्रज की अनूठी भक्ति परंपरा, यमुना संरक्षण की आवश्यकता और समाज सेवा के प्रकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
राष्ट्रपति ने संतों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिक गुरु समाज को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। भेंट के अंत में महाराज श्री ने राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह और प्रसाद भेंट किया। आध्यात्मिक भेंट के पश्चात राष्ट्रपति मथुरा मार्ग स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचीं। यहाँ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और आश्रम के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
राष्ट्रपति ने यहां नवनिर्मित 'ऑन्कोलॉजी ब्लॉक' का लोकार्पण किया, जो क्षेत्र में कैंसर के मरीजों के लिए बेहतर उपचार की सुविधा प्रदान करेगा। इस दौरान उन्होंने देश की समृद्ध सांस्कृतिक और सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने में मिशनरी संस्थाओं की भूमिका को सराहा। दौरे के अगले चरण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विश्व प्रसिद्ध नींव करौरी बाबा आश्रम पहुंचीं।
उन्होंने हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा की। इसके उपरांत उन्होंने बाबा नींव करौरी के समाधि स्थल पर शीश नवाया और वहां स्थित संग्रहालय का बारीकी से अवलोकन किया। आश्रम परिवार की ओर से उन्हें बाबा का प्रिय कंबल, चित्र और प्रसाद भेंट किया गया। इस पूरे भ्रमण के दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और प्रभारी मंत्री संदीप सिंह सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे वृंदावन में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और भक्तों व स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा गया। वृंदावन के सुप्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज की ख्याति और उनके आध्यात्मिक विचारों का प्रभाव इतना गहरा है कि देश-दुनिया की कई दिग्गज हस्तियां उनके दर्शन के लिए 'राधा केलि कुंज' आश्रम पहुंच चुकी हैं।इनमें खेल, सिनेमा, राजनीति और अन्य क्षेत्रों के कई बड़े चेहरे शामिल हैं।
विराट कोहली, अनुष्का शर्मा, रैपर बादशाह, शिल्पा शेट्टी राजकुंद्रा, आशुतोष राणा, हेमा मालिनी, मिका सिंह,गायक जुबिन नौटियाल, पलाश मुच्छल, रवि किशन, राजपाल यादव और टीवी जगत से गुरमीत चौधरी-देबिना बनर्जी भी महाराज जी के दरबार में आ चुके हैं। मोहन भागवत आरएसएस प्रमुख ने भी वृंदावन जाकर महाराज जी से आशीर्वाद लिया और देश के बौद्धिक स्तर व संस्कृति पर चर्चा की थी।
