वाराणसी में बवाल : यूपी कॉलेज में छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, नाराज छात्रों ने किया तोड़फोड़, छावनी में तब्दील परिसर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) परिसर में शुक्रवार को एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पिस्टल को कूड़े के ढेर में फेंककर फरार हो गया। मौके से खोखा भी बरामद हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गाजीपुर निवासी स्नातक (बीएससी) के छात्र सूर्यप्रताप सिंह को पूर्व के विवाद के चलते चांदमारी निवासी छात्र मंजीत ने नजदीक से गोली मार दी। गोली मारने वाला छात्र बीए द्वितीय वर्ष का बताया जा रहा है। घायल छात्र को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

2

घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ की और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने तुरंत परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया और कॉलेज के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज की छानबीन में जुटी हुई है। 

3

सामाजिक विज्ञान संकाय के पास चली गोली के बाद आक्रोशित दर्जनों छात्रों ने परिसर के बाहर की दुकानों को भी बंद करा दिया। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि दो छात्रों के बीच विवाद के दौरान एक छात्र ने दूसरे को गोली मार दी। घटना के पीछे की स्पष्ट वजह की जांच की जा रही है।

6

तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। छात्रों से बातचीत कर घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

संबंधित समाचार