अभेद किले में तब्दील हुई अयोध्या, राष्ट्रपति का दौरा आज, सुरक्षा चाक-चौबंद, दिन भर कई चक्रों में हुआ रिहर्सल
अयोध्या, अमृत विचार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को अयोध्या पहुंच रही हैं, यहां वह राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करेंगी। विशेष धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। इसको लेकर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जिला प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर व्यापक इंतजाम किए हैं। बुधवार को अधिकारियों ने राष्ट्रपति के जाने वाले मार्ग व कार्यक्रम स्थलों की कई चक में स्क्रीनिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया।
जिला व पुलिस प्रशासन के साथ राष्ट्रपति सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने बुधवार को एनएसजी, एटीएस व आरएएफ की टीम के साथ एयरपोर्ट से हाइवे होते हुए राम मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग की बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें हाईवे से महोबरा चौराहा से टेढ़ी बाजार चौराहा होते हुए गेट नंबर 11 से राम मंदिर जाने वाले मार्ग से ही राष्ट्रपति के आने की संभावना जताई जा रही है।
इसको लेकर देवकाली ओवरब्रिज, महोबरा ओवरब्रिज की सर्विस लेन, टेढ़ी बाजार ओवरब्रिज के दोनों छोर पर बेरिकेंडिंग कर दी गई है। साथ ही हाईवे पर नाका ओवरब्रिज से महोबरा ओवरब्रिज तक हाईवे के दोनों किनारों पर भी बेरिकेडिंग लगाई जा रही है। इन सभी स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है।
हाईवे पर साकेत पेट़्रोल पंप बैरियर से धर्मपथ से रामपथ होते हुए राम मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग को भी सुरक्षा की दृष्टि से खंगाला गया। इसके अलावा साकेत महाविद्यालय व रामकथा पार्क स्थित हैलीपैड को भी तैयार रखा गया है, यहां पर सेफ हाउस भी बनाया गया है। मंगलवार को पुलिस लाइन में एडीजी जोन प्रवीण कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा के लिए किए इंतजामों को अंतिम रूप देने के बाद बुधवार की शाम सभी चिह्नित स्थानों पर सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया। एडीजी जोन ने बताया कि वीवीआईपी प्रोटोकाल को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। हर इंतजामों को कई चरणों में परख कर इसे अंतिम रूप दिया गया है।
रात भर चला चेकिंग अभियान, खंगाले गए होटल, गेस्ट हाउस व होम स्टे
-सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रपति के गुजरने वाले मार्गों पर स्थित होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउस, ढाबों आदि की सुरक्षा बलों ने रात भर खंगाला। बाहरी लोगों की जांच की गई व उनके पहचान पत्र का सत्यापन भी कराया गया। वहीं, शहर में प्रवेश के सभी मार्गों पर लगे बैरियर व प्रमुख चौक चौराहों पर थाना-चौकी पुलिस ने आने जाने वाले वाहनों की तलाशी ली। अयोध्या कोतवाल पंकज सिंह व थाना रामजन्मभूमि प्रभारी अभिमन्यु शुक्ला व उनकी टीम रात भर गश्त कर संदिग्धों पर नजर रखती दिखी।
भगवामय हुआ अयोध्या धाम
-राष्ट्रपति के आगमन पर अयोध्या धाम को केसरिया पट्टी व ध्वज से सजा दिया गया है। रामपथ पर टेढ़ी बाजार से लता चौक तक के डिवाइडर पर केसरिया पट्टी लगा दी गई है। साथ ही सड़क के दोनों छोर पर बने डिवाइडर पर केसरिया ध्वज भी लहरा रहे हैं। रामजन्मभूमि पथ पर लगी केसरिया झंडी पूरे माहौल को धार्मिक बना रही है। वहीं, राष्ट्रपति के राम मंदिर में पवेश करने वाले गेट नंबर-11 जगदगुरु आद्व शंकराचार्य द्वार को भी फूलों से सजाया गया है। इसके अलावा हाईवे से राम मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर स्वागत में होर्डिंग भी लगाई गई हैं।
20 स्थानों पर सांस्कृतिक मंच से होगा राष्ट्रपति का स्वागत
-प्रशासन, संस्कृति विभाग और विभिन्न संस्थाएं मिलकर रामनगरी को पारंपरिक और सांस्कृतिक स्वरूप में सजाया है। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर गेट तक पूरे मार्ग 20 स्थानों पर सांस्कृतिक मंच स्थापित किया गया है। जहां लगभग 250 कलाकार पर स्वागत गीत, भजन, बधावा, अवधी लोकगायन और पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही रामलीला के अंश, झांकियां, ढोल-नगाड़ा और शंखनाद भी इस आयोजन को भव्य बनाएंगे। इसके लिए एयरपोर्ट रोड, नाका, देवकाली, चूड़ामणि चौराहा, निषाद राज चौराहा, बृहस्पति कुंड और राम मंदिर गेट के आसपास मंच लगाए गए हैं। छोटे मंचों पर करीब सात कलाकारों की टीम व बड़े मंचों पर लगभग पंद्रह कलाकारों के समूह द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति दी जाएगी।
सुरक्षा में लगाए गए चार हजार पुलिसकर्मी
-वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर पुलिस प्रशासन ने चार हजार से ज्यादा से पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी व कर्मचारियों को तैनात किया है। इनमें 16 अपर पुलिस अधीक्षक, 40 डीएसपी, 150 निरीक्षक, 250 उप निरीक्षक, 1500 महिला व पुरुष आरक्षी के साथ यातायात व्यवस्था के लिए 10 टीआई, 30 टीएसआई, 300 यातायात पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा एटीएस, एनएसजी, आरएएफ, सीआरपीएफ, पीएसी व होमगार्ड के जवानों को भी तैनात किया गया है। वहीं, शहर में एंटी-ड्रोन यूनिट, इंटेलिजेंस विंग और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। इसके अलावा ड्रोन व सीसीटीवी से भी चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है।
