लखनऊ में मांझे से युवक का गला-चेहरा कटा: पत्नी का पैर टूटा, बेटी घायल; राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी शहर में खतरनाक मांझे की बिक्री और प्रयोग पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है। बुधवार शाम पुरनिया फ्लाईओवर पर खतरनाक मांझे की रगड़ से बाइक सवार नवमी लाल उर्फ राम नयन कला का गला और चेहरा कट गया। ब्रेक मारने पर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे पत्नी का पैर टूट गया और बेटी भी घायल हो गई। राहगीरों की मदद से तीनों को ई-रिक्शा से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मड़ियांव के केशवनगर निवासी नवमी लाल उर्फ राम नयन प्राइवेट काम करते हैं। बुधवार शाम वह पत्नी संग बेटी की किताबे खरीदने गए थे। तीनों किताबें खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इस बीच पुरनिया फ्लाईओवर पर अचानक मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। जब तक वह संभलते तेज धार के खिंचाव से गले और चेहरे में कट लग गया। गले से खून निकलने लगा। ब्रेक मारने पर बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा कर पलट गई। हादसे में राम नयन, उनकी पत्नी और बेटी भी घायल हो गई।

सड़क पर गिरने से राम नयन के घुटने छिल गए और पत्नी का पैर टूट गया। सड़क पर पड़े तीनों लोग दर्द से कराहने लगे। चीख पुकार सुनकर दौड़े राहगीर अब्दुला व अन्य ने तीनों को उठाया। खून की धार देख रामनयन के गले में गमछा बांधा। दुपट्टे से घुटने बांधे। एक राहगीर ने रिक्शे को रोकने के साथ ही डॉयल-112 पर सूचना दी। घायलों को ई-रिक्शे पर बैठाया। इस बीच अलीगंज पुलिस भी आ गई। राहगीर राम नयन उनकी पत्नी और बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में राम नयन और उनकी पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है। इंस्पेक्टर अलीगंज अशोक सोनकर ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

तमाशबीन मदद के बजाय बनाने लगे वीडियो

हादसे के बाद सड़क पर गिरे परिवार को अब्दुल्ला व कई अन्य राहगीरों ने उठाया। उन्हें गोद में उठाकर ई-रिक्शा पर बैठाया। कुछ तमाशबीन मदद करने के बजाए वीडियो बनाने लगे। हादसे के कारण पुरनिया पुल पर जाम लग गया था। राहगीरों ने पुलिस को मांझा भी दिखाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मांझा बांधकर पतंग उड़ाने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले भी हुए हैं हादसे

05 मार्च: हुसैनगंज ओवरब्रिज पर मांझे से पशु पालकर्मी राम खिलावन व प्रणव यादव घायल।
25 फरवरी: नक्खास ओवर ब्रिज पर केजीएमयू के रेजिडेंट डॉक्टर दीपक गुप्ता घायल।
22 फरवरी: हसनगंज रामाधीन इंटर कॉलेज के पास मांझे से कटा युवक का गला।
14 फरवरी: हुसैनगंज ओवरब्रिज पर पत्नी व बेटी संग जा रहे मो. मुशर्रफ की गर्दन कटी।
13 फरवरी: कैंट में ध्रुव नारायण पांडेय कैंट इलाके में मांझे से घायल हुए।
08 फरवरी: ठाकुरगंज में मांझे से पोर्टर गुड्डू की नाक कटी।
08 फरवरी: नाका फ्लाईओवर पर मांझे की चपेट में आने के मुकेश की भौं कटी।
08 फरवरी: हीवेट रोड पर मांझे से छात्र आकिब घायल।
07 फरवरी: ठाकुरगंज में मांझे ने रेती विमलेश तिवारी की नाक।
04 फरवरी: हैदरगंज ओवरब्रिज पर गर्दन कटने से मोहम्मद शोएब (33) की मौत।
05 फरवरी: चौक में मांझे से हाईस्कूल छात्र नजम खान की गर्दन कटी।
05 फरवरी: शहीद पथ इकाना हॉस्पिल के पास चाइनीज मांझे से रिटायर्ड सैन्यकर्मी बृजेश राय का चेहरा कटा।
05 फरवरी: गोमतीनगर विस्तार में बिजली विभाग के कर्मचारी सुधीर कुमार चाइनीज मांझे से घायल।

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ में ‘वन-स्टॉप टेक्सटाइल इकोसिस्टम’ की तैयारी, घटेगी लागत और बढ़ेगा निर्यात, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़त का लक्ष्य

संबंधित समाचार