UP में पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कोई कमी नहीं : सीएम योगी बोले- अनावश्यक बुकिंग न करें उपभोक्त...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर चिंता जताते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में डीजल-पेट्रोल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आमजन घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

गुरुवार को मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर एलपीजी की मांग और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश में कहीं भी कृत्रिम कमी पैदा न होने दी जाए और जिन उपभोक्ताओं ने गैस बुक कराई है, उन्हें नियमानुसार समयबद्ध तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को अगली रिफिल की संभावित तिथि की जानकारी भी दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित किया जा रहा है। तेल कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आपूर्ति व वितरण की वास्तविक स्थिति से जनता को नियमित रूप से अवगत कराएं। 

उन्होंने कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि यदि कोई वितरक एजेंसी या व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर एलपीजी वितरक केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे। 

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन भी आवंटित किया गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर उपयोग में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने छात्रावासों, धर्मशालाओं, अस्पतालों, होटलों और विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से संवाद स्थापित कर उन्हें वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। 

इसके साथ ही खाद्य एवं रसद विभाग में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रत्येक जिले की 24×7 निगरानी करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी और तेल कंपनियों के स्थानीय प्रतिनिधि आपसी समन्वय से एलपीजी की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें। 

संबंधित समाचार