Bareilly: आरए बाजार बना विरासत परिसर और बीआई बाजार होगा शौर्य बाजार
बरेली, अमृत विचार। कैंटोनमेंट बोर्ड की बैठक बुधवार को परिसर में संपन्न हुई। बैठक में कैंट की पहचान बने दो बाजारों के नाम भी बदलने का फैसला लिया गया। इसमें रॉयल आर्टिलरी (आरए) बाजार का नाम बदलकर विरासत परिसर और बीआई बाजार का नाम बदलकर शौर्य बाजार कर दिया गया। इतना ही नहीं अब छावनी परिसर के अंदर बने श्मशान स्थल का नाम ''पंचतत्व मोक्ष धाम'' कर दिया गया है। श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए गए।
छावनी परिषद बरेली की सामान्य बोर्ड बैठक बुधवार को ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह की अध्यक्षता में परिषद कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन और नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मुख्य अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बैठक में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और राजस्व वृद्धि को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत घर-घर प्लास्टिक डस्टबिन वितरण के लिए पांच लाख और होम कम्पोस्टर वितरण के लिए तीन लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। इससे कचरा पृथक्करण और जैविक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में आरए बाजार का नाम ''विरासत परिसर'' और बीआई बाजार का नाम ''शौर्य बाजार'' रखने का निर्णय लिया गया। छावनी क्षेत्र के श्मशान स्थल का नाम बदलकर पंचतत्व मोक्ष धाम रखा गया और उसके बेहतर संचालन के लिए प्रबंधन समिति गठन का निर्णय लिया गया। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आरए बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय और कैंट गर्ल्स प्राइमरी स्कूल में वर्षा जल संचयन प्रणाली निर्माण के लिए करीब 19.50 लाख मंजूर किए गए।
इसके साथ ही बैठक में राजस्व बढ़ाने के लिए विभिन्न बाजारों में तहबाजारी और मार्केट फीस संग्रहण के लिए 11.98 लाख रुपये की उच्चतम बोली स्वीकृत की गई। वहीं जलकर दरों में संशोधन कर नई दरें 1 अप्रैल से लागू करने का निर्णय लिया गया। गांधी उद्यान में पार्किंग और प्रवेश शुल्क के लिए 33.03 लाख रुपये की ई-नीलामी भी स्वीकृत हुई। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए सीयूजीएल की सहायता से चार सीएनजी वाहनों की खरीद को मंजूरी दी गई। साथ ही प्रमुख स्थलों पर एलईडी साइन बोर्ड लगाने के लिए 9.80 लाख स्वीकृत हुए।
