ईद की तैयारियों को लेकर पुलिस आयुक्त ने की धर्मगुरुओं के साथ बैठक, शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहारों को संपन्न करने की अपील
कानपुर। कानपुर में आगामी ईद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने गुरुवार को जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। इस बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा भी मौजूद रहे।
गोष्ठी में कमिश्नरेट के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और संबंधित जनमानस ने त्योहार के मद्देनजर विभिन्न समस्याएं और सुझाव पुलिस प्रशासन के सामने रखे। अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस आयुक्त ने धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों से अपील की कि वे समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा लोगों को त्योहार आपसी सद्भाव के साथ मनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईद पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए और नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और सतर्क निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में कमिश्नरेट के सभी जोनों के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा शहर के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु और पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
