सिद्धार्थनगर में गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतार: सरकार की अपील का भी नहीं हुआ असर, अफरातफरी का माहौल
बस्ती/सिद्धार्थनगर। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के चलते ईंधन संकट की खबरों के बीच उत्तर प्रदेश के बस्ती और सिद्धार्थनगर जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। सूत्रों के अनुसार, बस्ती जिले के बनकटी ब्लॉक के महादेवा चौराहे पर स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए तड़के चार बजे से ही खासी भीड़ उमड़ी। सुबह लगभग सात बजे जब एजेंसी का दरवाजा खुला तो लोग सिलेंडर लेने के लिए अंदर की ओर दौड़ पड़े।
सूत्रों ने बताया कि इस दौरान कई लोग सिलेंडर सिर और कंधे पर रखकर तेजी से भागते नजर आए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने की अफवाह के चलते लोग जल्द से जल्द सिलेंडर लेने के लिए उमड़ पड़े।
उन्होंने बताया कि जिले में जगह-जगह लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए भटकते नजर आये, खास कर वे सबसे ज्यादा परेशान हैं जिनके घर विवाह या अन्य समारोह है। बस्ती के जिला पूर्ति अधिकारी विमल कुमार शुक्ल ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि उज्ज्वला के 2.07 लाख और सामान्य श्रेणी के तीन लाख उपभोक्ता हैं। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्तिकर्ता कंपनियों ने नया नियम बनाया है कि अब 80 प्रतिशत गैस की बुकिंग 'वन टाइम पासवर्ड' के माध्यम से होगी, पहले यह 30 प्रतिशत थी, जिसकी वजह से बहुत से कनेक्शन रेगुलर की श्रेणी से बाहर हो गए।
शुक्ल ने बताया कि जिनको अब केवाईसी के माध्यम से नियमित किया जा रहा है और इसके लिए गैस एजेंसियों पर कर्मचारी तैनात किये गये हैं। सिद्धार्थनगर जिले में भी घरेलू गैस के लिए गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतार देखने को मिल रही है।
हालांकि, जिलाधिकारी ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से अपील भी जारी की थी, लेकिन इस अपील का कोई भी असर धरातल पर देखने को नहीं मिल रहा है। गैस एजेंसियों पर लग रही लंबी कतारों के बारे में बर्डपुर ब्लॉक चौराहा स्थित सिद्धार्थनगर गैस सर्विस के प्रबंधक का कहना है कि जिले में फिलहाल गैस की कोई भी किल्लत नहीं है।
उन्होंने कहा कि समस्या यह है कि अफवाहों से प्रभावित लोग अपने घरों में खाली बचे सिलेंडरों की जगह भरे हुए सिलेंडर जमा करना चाहते हैं, चाहे उन्हें इसकी जरूरत हो या ना हो। जिलाधिकारी शिव शरणअप्पा जीएन ने लोगों से संयम बरतने और जरूरत पर ही गैस लेने की अपील की है।
उन्होंने संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया है कि अपनी देखरेख में गैस का वितरण कराये ताकि उसकी कालाबाजारी ना हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति गैस सिलेंडर की जमाखोरी करते या उसे ऊंचे दाम पर बेचते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
