प्रयागराज : गैस किल्लत से छात्र परेशान, महंगे सिलेंडर ने बढ़ाई मुश्किलें
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से आम लोगों के साथ-साथ बाहर से आकर रहने वाले छात्र भी खासे परेशान हैं। छोटे सिलेंडरों पर निर्भर छात्रों को इन दिनों भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि पिछले तीन-चार दिनों से गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिसके चलते उन्हें बाहर भोजन करने या एक समय का खाना छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गाजीपुर निवासी एक छात्र ने बताया कि बाजार में छोटे सिलेंडर 3000 से 4000 रुपये तक में मिल रहे हैं, जो उनकी आर्थिक क्षमता से बाहर है।
प्रयागराज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र विकास ने बताया कि उनके पास पिछले चार दिनों से गैस नहीं है और घर से सीमित धनराशि मिलती है। ऐसे में महंगे सिलेंडर खरीदना संभव नहीं है, जिससे पढ़ाई पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।
इसी तरह आजमगढ़ निवासी छात्र प्रत्यूष ने बताया कि परीक्षाएं नजदीक होने के बावजूद गैस की कमी के कारण भोजन बनाने में दिक्कत हो रही है। ब्लैक में सिलेंडर महंगे दामों पर मिल रहे हैं, जबकि बाहर खाने और टिफिन का खर्च भी बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच किसी तरह गुजारा करना पड़ रहा है। किराये पर रहने वाले छात्रों ने बताया कि कई बार उन्हें दोस्तों के यहां ठहरकर भोजन की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
परिवार के लोग उन्हें घर लौटने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन ऐसा करने से पढ़ाई प्रभावित होने का डर बना हुआ है। छात्रों ने सरकार से गैस आपूर्ति व्यवस्था शीघ्र सुचारू कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके और वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
