Uttrakhand: बिना नंबर की बुलेट पर हूटर, देर रात शोहदों ने मचाया आतंक

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ऑपरेशन रोमियो की शोहदे खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। बिना नंबर की बुलेट हूटर बजाते शोहदों ने शहर में कई किमी मीटर तक बाइक सवार युवक व युवती न सिर्फ पीछा किया, बल्कि उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ भी की। बाइक सवार युवक और युवती ने बरेली रोड पर छिपकर अपनी जान बचाई। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में रहने वाले युवक ने बताया कि बीती 16 मार्च को उनकी बहन का बर्थडे था। घर पर पार्टी थी और इस पार्टी में बहन की सहेलियां भी आईं थी। रात करीब 10 बजे वह बहन की सहेली को छोड़ने रामपुर रोड की ओर जा रहा था। मिनी स्टेडिमय मोड़ पर पीछे से पुलिस के सायरन की आवाज सुनाई दी। बाइक सवार युवक को यह वाकई पुलिस का हार्न लगा। युवक ने बाइक की रफ्तार कम की और पीछे मुड़कर देखा तो इतने में ही बुलेट सवारों ने बुलेट बाइक के आगे लगा दी।

बुलेट पर नंबर नहीं था। बुलेट सवार यह कहते हुए उलझने लगे कि पीछे मुड़कर क्या देख रहा था। यहां से बचकर बाइक सवार युवती संग भागा तो बुलेट सवारों ने पीछा कर लिया और जेल रोड के पास फिर घेर लिया। युवक के साथ मारपीट की, युवती के बाल खींचे। वह फिर किसी तरह बचकर भागे। युवती ने अपने भाई को मदद के लिए फोन किया, लेकिन शोहदे पीछे पड़े थे। रामपुर रोड से होते हुए पीड़ित गलियों से भागते बरेली रोड की ओर पहुंचे और एक सुरक्षित स्थान पर छिप गए।

इतने में ही युवती के भाई भी वहां पहुंच गए, लेकिन तक आरोपी फरार हो चुके थे। जिसके बाद पीड़ित युवक व युवती सीधे कोतवाली पहुंचे। अच्छी बात यह थी कि जब आरोपी पीछा करते हुए, मारपीट और छेड़छाड़ कर रहे थे तो युवती ने वीडियो बनाकर लिया था। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों में अजय फर्त्याल और अजय थापा हैं।

 

संबंधित समाचार