Uttrakhand: कलसिया नाले पर पहले नया अस्थायी वैली ब्रिज लगेगा, तब हटेगा पुराना वैली ब्रिज
हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम स्थित कलसिया पुल पर पहले नया वैली ब्रिज बनाया जाएगा हालांकि यह ब्रिज अस्थायी होगा। इस ब्रिज के लग जाने के बाद पुराना वैली हटाकर नए कंपोजिट टू लेन स्थायी ब्रिज बनाया जाएगा। फिलहाल अस्थायी वैली ब्रिज बनाने के लिए जद में आ रहे अवैध निर्माण का ध्वस्तीकरण शुरू हो गया है।
अधिकारियों के अनुसार, काठगोदाम-नैनीताल रोड कुमाऊं में प्रवेश का मुख्य मार्ग है। कलसिया पुल पर ब्रिटिश टाइम का पुल और एक वैली ब्रिज बना हुआ है। रोजाना 50 हजार से अधिक बड़े-छोटे वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। वर्तमान में पक्के ब्रिज का प्रयोग पर्वतीय जिलों के जाने और वैली ब्रिज का आने के लिए होता है। यह वैली ब्रिज महज 16 टन क्षमता का बताया जा रहा है। यदि इस ब्रिज से 40-50 टन के वाहन गुजर जाते हैं तो इसके नट-बोल्ट ढीले हो जाते हैं। रोजाना इन नट-बोल्ट को कसा जाता है।
यह पुल सिंगल लेन भी है जिस वजह से पर्यटन सीजन में जाम लग जाता है। इसको देखते हुए प्रशासन ने इस वैली ब्रिज का हटाकर कंपोजिट टू लेन का पक्का पुल बनाने का प्रस्ताव बनाया है। इस वैली ब्रिज को हटाकर नया टू लेन पुल बनाने में 10 माह से अधिक का समय लग रहा है जिससे जाम की समस्या हो सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने निर्णय लिया है कि वर्तमान में पक्के ब्रिज के समीप (नैनीताल की ओर जाते हुए पक्के पुल के बाईं तरफ) एक अस्थायी वैली ब्रिज बनाया जाएगा।
इस ब्रिज को बनाने के लिए आसपास का अतिक्रमण हटाकर स्थान साफ कराया जा रहा है ताकि अस्थायी ब्रिज लगाया जा सके। जब यह ब्रिज लग जाएगा तब पुराना वैली ब्रिज हटाया जाएगा। इस ब्रिज को हटाने के लिए जद में सात भवन आ रहे हैं इनमें पांच अवैध कब्जे व दो पक्के निर्माण हैं। इनका भी ध्वस्तीकरण किया जा रहा है ताकि पुराने वैली ब्रिज को हटाया जा सके।
100 टन क्षमता का होगा कंपोजिट टू लेन पुल
पांच करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाला टूलेन कंपोजिट पक्का पुल 12 मीटर चौड़ा और 24 मीटर लंबा होगा। इसकी क्षमता 100 टन होगी। इसमें एक साथ वाहनों की आवाजाही हो सकेगी जिससे वाहनों का जाम नहीं लगेगा। पक्का पुल हमेशा के लिए संकरी सड़क व नट-बोल्ट कसने का झंझट खत्म हो जाएगा। वर्तमान में एक ही पक्का पुल है जिससे सिर्फ वाहनों की एकतरफा निकासी होती है।
नगर आयुक्त नगर निगम ने बताया कि परितोष वर्मा कलसिया पर पक्के पुल के समीप एक नया अस्थायी पुल बनाया जाएगा। इस पुल के लग जाने के बाद पुराना वैली ब्रिज हटाया जाएगा। फिर नया पक्का पुल बनाया जाएगा। फिलहाल नया पुल लगाने के लिए स्थान को रिक्त कराया जा रहा है साथ ही अवैध कब्जे ध्वस्त किए जा रहे हैं।
