बाराबंकी : एक साल और जेल में रहेगा ड्रग माफिया अज्जन, जानें वजह

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के तहत राज्य सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। टिकरा का कुख्यात तस्कर अज्जन उर्फ मिस्बाहुर्रहमान अभी एक साल और जेल में गुजारेगा। यह आदेश पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत जारी हुआ है। गुजरे बुधवार को प्रदेश सरकार द्वारा प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिक इन नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट, 1988 की धारा 3(1) के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। आरोपी टिकरा मुर्तजा थाना जैदपुर का निवासी है। 

पुलिस के अनुसार, अज्जन उर्फ मिस्बाहुर्रहमान पिछले करीब 25 वर्षों से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ बाराबंकी और लखनऊ के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसे अंतरजनपदीय गैंग आईआर-09 में सूचीबद्ध करने के साथ ही जिला स्तर पर ड्रग माफिया घोषित किया गया है। 

गैंग नंबर 32 का वह स्वयं लीडर है। अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 16 मामले दर्ज हैं, जबकि कुल आपराधिक मुकदमों की संख्या 28 बताई गई है। थाना जैदपुर में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है। वर्तमान में आरोपी 9 जनवरी से जिला कारागार में बंद है। उसके कब्जे से पहले स्मैक, मॉर्फीन और हेरोइन जैसे मादक पदार्थ बरामद किए गए थे, जिनकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 11.14 करोड़ रुपये आंकी गई।

संबंधित समाचार