बाराबंकी : पारिजात, कोटवाधाम व महादेवा में जांच समिति के सभापति ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
दौरे के दौरान किया दर्शन पूजन, लोगों से जानी समस्याएं
सिरौलीगौसपुर/रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के सभापति एमएलसी अंगद सिंह ने समिति सदस्य एमएलसी पवन कुमार चौहान के साथ महाभारत कालीन पारिजात धाम बरौलिया, कोटवाधाम व लोधेश्वर महादेवा का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दर्शन-पूजन किया। पारिजात धाम में पुजारी ने स्ट्रीट लाइटें लगवाने व पुरानी लाइटों की मरम्मत की मांग रखी, जिस पर एमएलसी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विद्युत उपखंड अधिकारी मसौली विमलेश मौर्य ने पारिजात वृक्ष की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता राजबाला, एसडीएम सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज, अवर अभियंता राज मौर्य सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। एमएलसी ने कहा कि धाम की कमियों को वन विभाग से समन्वय कर दूर किया जाएगा तथा बैरिकेडिंग हटाकर पुष्प पौधरोपण कराया जाएगा।
विद्युत कनेक्शन की लागत कम करने का मुद्दा भी प्रदेश स्तर पर उठाने की बात कही। इसके बाद कोटवाधाम में बड़े बाबा जगजीवन दास साहब के दरबार में पूजन कर महंत निलेन्द्र बक्श दास से आशीर्वाद लिया। यहां भाजपा मंडल महामंत्री अमित भैया राम जी, एमएलसी प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह बब्लू, दुर्गेश दीक्षित, संतोष पांडेय, स्वतंत्र सिंह, ग्राम प्रधान जयप्रकाश वर्मा, मोनू वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं लोधेश्वर महादेवा में दोनों एमएलसी ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर जनकल्याण की कामना की और महादेवा कॉरिडोर बनाए जाने की बात कही। इस दौरान मझौनी निवासी अंजनी कुमार अवस्थी ने उच्च क्षमता ट्रांसफार्मर व जर्जर तार बदलवाने की मांग की, जिस पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार विपुल सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि कुलदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, मोनू भास्कर, शीतला प्रसाद वाजपेई सहित कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
