गोंडा : छेड़खानी व अपहरण प्रकरण में लापरवाही पर प्रभारी निरीक्षक निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में खरगूपुर थाने में तैनात प्रभारी निरीक्षक को छेड़खानी एवं अपहरण के एक मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस महानिरीक्षक ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार एक महिला ने देवीपाटन मंडल के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को विनय नामक युवक बहला-फुसलाकर अपहृत कर ले गया। 

इस मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा था। जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपित ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करना शुरू कर दिया। इस पर आईजी द्वारा खरगूपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए आरोपित की पुनः गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पुलिस ने इस दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। 

आईजी ने स्वयं थाने पहुंचकर मामले की समीक्षा की, जिसमें पाया गया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद न तो विवेचना में प्रगति की गई और न ही जमानत निरस्तीकरण अथवा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कोई ठोस प्रयास किया गया। इस पर आईजी ने प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडे को कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही, अनियमितता एवं असंवेदनशीलता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही क्षेत्राधिकारी नगर एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है। 

संबंधित समाचार