जौनपुर जेल में अचानक बिगड़ी पूर्व सांसद उमाकांत यादव की तबीयत, बीएचयू रेफर
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जीआरपी सिपाही हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा जेल में काट रहे मछलीशहर के पूर्व बाहुबली सांसद उमाकांत यादव की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को गम्भीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू के लिए रेफर कर दिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार पूर्व सांसद उमाकांत यादव को सीने में तेज दर्द की शिकायत थी, साथ ही उनका शुगर और ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ पाया गया। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्र भेजना उचित समझा। जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर कर दिया है, जहां पर उनका इलाज हो रहा है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
