बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन सख्त... खराब स्कूली वाहनों पर कसेगा शिकंजा, 1 से 15 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बिना फिटनेस, परमिट और 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर होगी कड़ी कार्रवाई

लखनऊ, अमृत विचारः कासगंज और आगरा में हाल ही में हुई दर्दनाक घटनाओं के बाद शासन ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। इन घटनाओं में खराब स्थिति और कमजोर फर्श के कारण झटके लगने पर बस का फर्श टूट गया, जिससे वहां बैठी एक स्कूली छात्रा वाहन से नीचे गिरकर बस के पहिए के नीचे आ गई और उसकी दुखद मृत्यु हो गई। शासन ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रदेशभर में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रभात पाण्डेय ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ऐसे वाहनों की सूची तैयार की जा रही है जिनकी फिटनेस या परमिट समाप्त हो चुका है अथवा जिनकी आयु 15 वर्ष पूरी हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित सभी विद्यालयों के प्रबंधन से अपेक्षा की गई है कि वे अपने स्कूल के सभी वाहनों की भौतिक जांच कराएं और सुनिश्चित करें कि वाहन की बॉडी, फर्श और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित और मजबूत हों। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी वाहन स्कूल बसों के निर्धारित मानकों के अनुरूप हों।

प्रवर्तन अधिकारी ने चेतावनी दी कि अभियान के दौरान यदि बिना फिटनेस, बिना परमिट या मानकों का पालन न करने वाली बसें संचालित पाई गईं तो उन्हें तत्काल थानों में निरुद्ध किया जाएगा। ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी और परिवहन विभाग द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

संबंधित समाचार