कानपुर में दो अवैध निर्माण सील, न्यू कानपुर सिटी के लिए भूमि क्रय

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने प्रवर्तन जोन-1बी के तहत शुक्रवार को दो अवैध निर्माण/विकास कार्यों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।

प्राधिकरण द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सिंहपुर कछार क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के लगभग 1000 वर्ग मीटर में की जा रही प्लाटिंग को सील किया गया। वहीं न्यू कानपुर सिटी योजना क्षेत्र में करीब 100 वर्ग मीटर में अवैध निर्माण के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। दोनों परिसरों को थाना बिठूर पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल सहित अन्य कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।

एक अन्य मामले में पूर्व में सील की गई भूमि पर सील तोड़कर निर्माण किए जाने पर संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।  इसी क्रम में न्यू कानपुर सिटी योजना के तहत 18 काश्तकारों से लगभग 0.6491 हेक्टेयर भूमि प्राधिकरण के पक्ष में क्रय की गई।

इसके बदले सर्किल दर के चार गुना मूल्य के रूप में करीब 4.46 करोड़ रुपये का भुगतान डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से किया गया। प्राधिकरण ने विकासकर्ताओं से अपील की है कि स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य कराएं। साथ ही अवैध निर्माण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

संबंधित समाचार