Moradabad: आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को लालच देकर करा रहे थे देह व्यापार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना कोतवाली नगर पुलिस व एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की संयुक्त टीम ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 11 युवकों और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है, जबकि होटल संचालक मौके से फरार हो गया। सेक्स रैकेट लीडर राहुल गुप्ता आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं पैसे का लालच देकर देह व्यापार के धंधे में उतारता था।

शनिवार की रात बुधबाजार स्थित होटल शेर-ए-पंजाब में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस को दो कमरों में देह व्यापार चलता मिला था। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान 11 युवक और तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। गिरफ्तार आरोपियों में वसीम, रेहान, अमान, विशाल, कैफ, शिवकुमार, विकास, अरविंद, अमन, कौशल और राहुल गुप्ता शामिल हैं। सभी आरोपी मुरादाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। होटल मालिक सुरेंद्र सिंह फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार होटल संचालक की तलाश की जा रही है। कार्रवाई को शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पकड़े गए राहुल के कब्जे से 15 कामोत्तेजक गोली व अन्य सामान के अलावा 26,520 रुपये नकद व 17 एंड्रॉयड मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किए हैं।

होटल प्रबंधन पर जबरन ग्राहकों के साथ भेजने का आरोप
मामले की जांच कर रही चौकी प्रभारी सुनीता चौधरी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल गुप्ता द्वारा बाहर से युवतियों को बुलाकर ग्राहकों से पैसे लेकर देह व्यापार कराता था। पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने बताया कि वे मौज-मस्ती के लिए वहां आए थे और उन्हें इसकी जानकारी राहुल गुप्ता ने दी थी। गिरफ्तार युवतियों का कहना था आर्थिक तंगी के कारण वे इस धंधे में आई थीं। आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन द्वारा उन्हें जबरन ग्राहकों के साथ भेजा जाता था।

संबंधित समाचार