शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया जारी करने की मांग, बीटीसी शिक्षक संघ ने प्रांतीय बैठक कर सरकार से रखी मांगे

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया अब तक नहीं जारी करने पर चिंता प्रगट की है। शिक्षक संघ की प्रांतीय कमेटी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें शिक्षकों, शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। प्रदेश अध्यक्ष व अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के प्रदेश संयोजक अनिल यादव ने कहा की प्रदेश के बेसिक शिक्षा में गर्मी और सर्दी की छुट्टियों में परिषदीय शिक्षकों के जिले के बाहर (अंतरजनपदीय) पारस्परिक और सामान्य स्थानांतरण किए जाने की व्यवस्था है। लेकिन इस बार सर्दी की छुट्टियों में कोई आदेश नहीं आया, दो साल से पारस्परिक ट्रांसफर एवं सामान्य ट्रांसफर के आदेश के लिए लाखों शिक्षक शासन की तरफ टकटकी लगाए बैठे हैं।

शिक्षकों ने मांग की कि गर्मी की छुट्टियों में स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने का कार्यक्रम जल्द जारी किया जाए, ताकि शिक्षक अपने घर के नजदीक पहुंच सकें। समय से स्थानांतरण के लिए जल्द आदेश जारी नहीं किया गया तो गर्मी के अवकाश में शिक्षकों को स्थानांतरण मिलना कठिन हो जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर ही नौकरी देने का आदेश जारी करें। प्रदेश में एक हजार मृतक आश्रित शिक्षक बनने की पूरी अर्हता रखें हुए है लेकिन जिलों में चपरासी पद पर कार्य करने पर विवश है। महासचिव जमशेद शरीफ, प्रदेश महामंत्री संदीप दत्त, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, संदीप जायसवाल, रामधन, कोषाध्यक्ष सुदोषकर, प्रवक्ता बिनय सिंह, अजित सिंह, अरबिंद यादव, अनिल बलिया, श्याम शंकर, जगजीवन, वृजेश, धर्मपाल यादव, गेना, रिंकी सिंह सहित सभी प्रांतीय पदाधिकारिय उपस्थित रहें।

संबंधित समाचार