हॉकी इंडिया अवॉर्ड्स 2025: हार्दिक, सुखजीत, अभिषेक और नवनीत कौर की दौड़ में कौन बनेगा बेस्ट प्लेयर? देखें लिस्ट
नई दिल्लीः हॉकी इंडिया ने सोमवार को हॉकी इंडिया 8वें वार्षिक पुरस्कार 2025 के लिए नॉमिनी की घोषणा की। यह पुरस्कार समारोह शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस पुरस्कारों के लिए आठ श्रेणियों में 32 नॉमिनियों को अंतिम सूची में शामिल किया गया है। इन पुरस्कारों के माध्यम से 2025 में भारतीय हॉकी में बेहतरीन प्रदर्शन और योगदान देने वाले खिलाड़ियों और अन्य को सम्मानित किया जाएगा।
पुरुष और महिला वर्ग में सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक 'हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ़ द ईयर' पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में हार्दिक, सुखजीत, संजय और अभिषेक शामिल है।
इसके अलावा उभरती हुई प्रतिभाओं को 'हॉकी इंडिया जुगराज सिंह अपकमिंग प्लेयर ऑफ़ द ईयर (पुरुष - अंडर 21)' और 'हॉकी इंडिया असुंता लाकरा अपकमिंग प्लेयर ऑफ़ द ईयर (महिला - अंडर 21)' पुरस्कार दिए जाएंगे। 'हॉकी इंडिया बलजीत सिंह गोलकीपर ऑफ़ द ईयर', 'हॉकी इंडिया परगट सिंह डिफेंडर ऑफ़ द ईयर', 'हॉकी इंडिया अजीत पाल सिंह मिडफील्डर ऑफ़ द ईयर', और 'हॉकी इंडिया धनराज पिल्ले फॉरवर्ड ऑफ़ द ईयर' पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इन आठ श्रेणियों के अलावा, समारोह में कुछ विशेष सम्मान भी शामिल होंगे, जैसे कि 'हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट्स अवार्ड फॉर आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट' और 'हॉकी इंडिया जमन लाल शर्मा अवार्ड फॉर इनवैल्यूएबल कंट्रीब्यूशन' पुरस्कारों से अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए 'हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट्स अवार्ड फॉर अंपायर/अंपायर मैनेजर ऑफ़ द ईयर', 'हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट्स अवार्ड फॉर टेक्निकल ऑफिशियल ऑफ़ द ईयर', और 'बेस्ट मेंबर यूनिट अवार्ड' प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम और एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप तमिलनाडु 2025 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम को तथा 15वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपनी सफलता के लिए विभिन्न 'मेंबर यूनिट्स' (सदस्य इकाइयों) को भी सम्मानित किया जाएगा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, "जैसे ही हम भारतीय हॉकी के लिए एक अहम साल में कदम रख रहे हैं, यह ज़रूरी है कि हम पिछले साल के बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों और उनके योगदान को पहचानें। हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार उन खिलाड़ियों और अधिकारियों के समर्पण और उपलब्धियों को पहचान देते हैं, जो भारतीय हॉकी के स्तर को लगातार ऊपर उठा रहे हैं। हम उनके प्रयासों और भारतीय हॉकी द्वारा की गई प्रगति का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हैं।"
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, "ये पुरस्कार इस खेल से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों को मान्यता देते हैं, जिनमें खिलाड़ी, कोच, अधिकारी और सदस्य इकाइयाँ शामिल हैं। उनकी प्रतिबद्धता ने भारत में हॉकी के पूरे सिस्टम को मज़बूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। हम एक साथ आकर अपने हॉकी परिवार की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हैं।"
वर्ष 2025 के गोलकीपर के लिए हॉकी इंडिया बलजीत सिंह पुरस्कार की दौड़ में राजकुमार दीप सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक, बिच्छू देवी खारिबाम और सूरज करकेरा शामिल है। वर्ष 2025 के डिफेंडर के लिए हॉकी इंडिया परगट सिंह पुरस्कार के लिए संजय, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और हरमनप्रीत सिंह। वर्ष 2025 के मिडफील्डर के लिए हॉकी इंडिया अजीत पाल सिंह पुरस्कार के लिए हार्दिक सिंह, सुमित,राज कुमार पाल और नीलकंठ शर्मा ।
फॉरवर्ड वर्ग इंडिया धनराज पिल्लै पुरस्कार के लिए सुखजीत सिंह, अभिषेक, नवनीत कौर और शिलानंद लकड़ा।
आगामी खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया असुंता लाकड़ा पुरस्कार (महिला - 21 वर्ष से कम) साक्षी राणा, ज्योति सिंह,सुनेलिता टोप्पो और कनिका सिवाच। (पुरुष - 21 वर्ष से कम) वर्ग राजकुमार दीप सिंह, मनमीत सिंह, अनमोल एक्का और अर्शदीप सिंह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार (महिला) नवनीत कौर, सलीमा टेटे, लालरेम्सियामी और सविता। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (पुरुष) वर्ग में हार्दिक सिंह, सुखजीत सिंह, संजय और अभिषेक को नॉमिनी किया गया है।
