चैत्र नवरात्र में शक्तिपीठों में होंगे भव्य समारोह: मिशन शक्ति से जुड़े आयोजन और महिला सहभागिता पर रहेगा विशेष जोर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: चैत्र नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश में इस बार भक्ति और सांस्कृतिक आस्था का विशेष संगम देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सप्तमी, अष्टमी और नवमी (25, 26 व 27 मार्च) को प्रदेशभर के देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में देवी गीत, भजन, दुर्गा सप्तशती पाठ और शक्ति आराधना के भव्य आयोजन किए जाएंगे।

संस्कृति विभाग ने इन आयोजनों की व्यापक तैयारी कर ली है और कलाकारों का चयन भी पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम स्थानीय प्रशासन के समन्वय से जनपद स्तर पर आयोजित होंगे, जिनमें लोक कलाकारों, भजन और कीर्तन मंडलियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इन आयोजनों को योगी सरकार के महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण अभियान ‘मिशन शक्ति’ से भी जोड़ा गया है। इसके तहत महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें सामाजिक और सांस्कृतिक मंच प्रदान किया जाएगा।

प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों विंध्याचल की मां विंध्यवासिनी, देवीपाटन, शाकुंभरी देवी, कात्यायनी देवी, अलोपी देवी, चंडिका देवी, विशालाक्षी देवी सहित लखनऊ के चंद्रिका देवी और संकटा देवी मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे। इन स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को व्यापक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए छाजन, कतारबद्ध दर्शन और अन्य सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। योगी सरकार का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करना है, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ जनसहभागिता और महिला सशक्तीकरण को भी नई दिशा देना है।

प्रमुख आयोजन स्थल

• मां विंध्यवासिनी धाम, मीरजापुर

• देवीपाटन मंदिर, बलरामपुर

• शाकुम्भरी देवी, सहारनपुर

• कात्यायनी देवी, मथुरा

• अलोपी देवी, प्रयागराज

• चंद्रिका देवी व संकटा देवी मंदिर, लखनऊ

ये भी पढ़ें  :
ईद-उल-फितर आज, 94 ईदगाह और 1200 मस्जिदों में अदा की जाएगी नमाज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

संबंधित समाचार