फरीदापुर चौधरी गोकशी मामला : मुठभेड़ में तीन गोकशों को लगी गोली, सिपाही भी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। फरीदापुर चौधरी गोकशी मामले में देर रात इज्जतनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। गोकशी के तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान तीनों गोकशों को गोली लगी। पुलिस का एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हुआ। ये मुठभेड़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की उस कार्रवाई के ठीक बाद हुई, जिसमें उन्होंने दो चौकी इंचार्ज समेत सात पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया था।

दरअसल फरीदापुर चौधरी गांव के अंदर नाले में लगातार दूसरे दिन गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद इज्जतनगर पुलिस की काफी फजीहत हो रही थी। पुलिस गोकशी करने वालों की तलाश में थी। रविवार देर रात सिद्धार्थ नगर केन्द्रीय विद्यालय के नजदीक मैदान के पास बाइक सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोका तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में फरीदापुर चौधरी गांव के रहने वाले असलम, जीशान और नासिर घायल हो गए। तीनों गोकशों के पैर में गोली लगी। जबकि पुलिस के सिपाही राहुल कुमार घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

छह दूसरे गोकशों के नाम भी उगले
गोकशों के पास से पुलिस ने 3 अवैध तमंचे, 3 जिन्दा कारतूस, 6 खोखा कारतूस 315 बोर, गोकशी के उपकरण, बाइक, 2 मोबाइल फोन बरामद किए।  सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। जवाबी फायरिंग में तीनों को गोली लगी और एक सिपाही भी घायल हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए असलम के खिलाफ पूर्व में गोवध व आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने अपने छह अन्य साथियों के नाम भी बताए जिनके बारे में भी जानकारी की जा रही है।

लगातार दूसरे दिन मिले थे अवशेष
थाना इज्जतनगर के फरीदापुर चौधरी गांव के पास शनिवार को नाले के अंदर प्लास्टिक के बोरे में बंद गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। हिंदू संगठनों को भनक लगी तो जाकर हंगामा किया। पुलिस की जमकर फजीहत भी हुई। लेकिन आक्रोश उस वक्त ज्यादा फैल गया जब रविवार को दोबारा उसी नाले में गोवंशीय पशुओं के अवशेष बरामद हुए। हिंदू संगठनों ने हंगामा काटा। पुलिस के आला अफसरान हरकत में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने दो चौकी इंचार्ज समेत सात पुलिस वालों को निलंबित कर दिया।

संबंधित समाचार