रामनवमी पर्व को भव्य बनाने की तैयारियां: हनुमानगढ़ी-नागेश्वरनाथ मंदिर के बाहर बिछेगी मैट, जेटिंग मशीनों से धुले जा रहे घाट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या अमृत विचार : रामनवमी पर्व पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम द्वारा सरयू तट पर जेटिंग मशीनों से नियमित घाटों की धुलाई कराई जा रही है। नागेश्वर नाथ और हनुमानगढ़ी मंदिर के पास प्लास्टिक की जालीदार मैट बिछाई जा रही है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों में मैट बिछाने की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्रों में स्वीपिंग मशीनों से नियमित सफाई हो रही है।

कहा कि सरयू स्नान के बाद महिलाओं के कपड़े बदलने हेतु घाट क्षेत्रों में 68 अस्थाई और नौ स्थाई निशुल्क चेंजिंग रूम स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर अस्थाई रूम की संख्या बढ़ाई जाएगी। सरयू के सभी घाटों पर अस्थाई निशुल्क बायो टॉयलेट लगाए गए हैं। अधिक भीड़ वाले स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट की भी व्यवस्था की गई है।

 नगर निगम क्षेत्र में 81 वाटर कूलर और 25 वाटर कियोस्क स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से 24 घंटे निशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध रहेगा। बताया कि फुटपाथों पर अतिक्रमण हटाने के लिए प्रवर्तन दल सक्रिय किया गया है। संत तुलसीदास घाट, सरयू स्नान घाट, विभिन्न अंडरपासों आदि प्रमुख स्थलों पर रामनवमी के दौरान विशेष प्रकाश की व्यवस्था की गई है। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के रामनवमी का पर्व मना सकेंगे।

ये भी पढ़ें  :
रामनवमी पर भक्तों में बंटेगा पंजीरी का प्रसाद: श्रीरामलला के लिए श्रीकृष्ण जन्मभूमि से आया उपहार, ट्रस्ट को सौंपा वस्त्र, फल-मेवा 

संबंधित समाचार