Bareilly: पत्रकारिता में सूत्र और तकनीक की अहम भूमिका, पार्थो कुनार ने छात्रों को बताईं मीडिया की चुनौतियां
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और तकनीकी सुधारों पर केंद्रित गेस्ट लैक्चर का आयोजन किया गया। अमृत विचार के सीओओ पार्थो कुनार ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और स्त्रोत की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। इसमें विद्यार्थियों को आधुनिक पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना और उन्हें मीडिया जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा।
सीओओ पार्थो कुनार ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से सही और प्रमाणिक जानकारी जुटाना इसकी रीढ़ है। डिजिटल युग में तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों को नए टूल्स और प्लेटफॉर्म्स के साथ खुद को लगातार अपडेट रखना होगा। इस दौरान विद्यार्थियों ने बदलते मीडिया परिवेश को लेकर कई सवाल पूछे। उन्होंने फेक न्यूज, सोशल मीडिया के प्रभाव, डिजिटल रिपोर्टिंग और करियर संभावनाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा की। पार्थो कुनार ने छात्रों को सलाह दी कि वे तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता दें। पत्रकारिता में सफलता के लिए जिज्ञासा, धैर्य और जिम्मेदारी बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम में जीवन में आगे बढ़ने के विषय पर भी चर्चा हुई, जिसमें छात्रों को मेहनत, निरंतर सीखने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सीओओ पार्थो कुनार ने कहा कि जीवन में कोई भी कार्य करें आनंद के साथ करें। अंत में बरेली कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने पार्थो कुनार का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। बरेली कॉलेज के पत्रकारिता विभाग के प्रभारी डॉ. रमेश त्रिपाठी, शिक्षिका चेतना तिवारी सहित विद्यार्थी उपस्थित रहें। छात्र ब्रजेश तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
