अयोध्या : बीएसए ने किया परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण, अनुपस्थित मिले दो प्रधानाध्यापकों का रोका वेतन
अयोध्या/अमृत विचार : बीएसए लालचंद ने बीकापुर व तारुन क्षेत्र में संचालित परिषदीय विद्यालयों का बुधवार को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कई गंभीर कमियाँ सामने आईं। जिनके चलते दो प्रधानाध्यापकों का अनुपस्थित दिवस का वेतन अग्रिम आदेश तक रोककर उनसे साक्ष्यमय स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्राथमिक विद्यालय गुन्धौर, बीकापुर में 71 नामांकन में से मात्र 42 बच्चे उपस्थित पाए गए। मध्याह्न भोजन (दाल-चावल) बन रहा था। प्रधानाध्यापिका सुधा वर्मा बिना सूचना/अनुमति के अनुपस्थित पाई गईं। उनका वेतन रोका गया। शिक्षामित्र ललिता सिंह भी एसआईआर ड्यूटी पर होने के बावजूद घर पर पाई गईं।
वहीं प्राथमिक विद्यालय मठिया, तारुन में 45 नामांकन में से केवल 12 बच्चे उपस्थित थे। मध्याह्न भोजन व्यवस्था ठीक पाई गई। छात्रों की कॉपियों का नियमित मूल्यांकन नहीं हो रहा था। प्रधानाध्यापक/इंचार्ज को कठोर चेतावनी दी गई। प्राथमिक विद्यालय मिझौली किशुनदासपुर, तारुन में 35 नामांकन में से मात्र 18 बच्चे उपस्थित पाए गए।
प्रधानाध्यापक सम्पूर्णानन्द सिंह बिना सूचना/अनुमति के अनुपस्थित थे। उनका अनुपस्थित दिवस का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। बीएसए ने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने सभी प्रधानाध्यापकों/इंचार्जों को नामांकन व उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा अन्य कमियों को तुरंत दूर करने के सख्त निर्देश दिए हैं। भविष्य में ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
