जौनपुर में सनसनीखेज वारदात : हत्या के आरोपी को चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट, सड़क किनारे फेंकी लाश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में बुधवार को सनसनीखेज घटना में हत्या के एक आरोपी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर शव को करीब एक किलोमीटर दूर ले जाकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में जलालपुर के संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान पुत्र अरविंद चौहान बंदीपुर गांव के पास स्थित शराब ठेके पर मौजूद था, इसी दौरान एक दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे और उसे दौड़ा लिया, जान बचाने के लिए आशीष सिरकोनी गांव की ओर भागा और कई घरों में घुसकर बचने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों के खौफ से लोग सहमे रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। 

बताया जाता है कि हमलावरों ने गांव के एक घर के पीछे बने मड़हे में उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव में शोर मचने पर हमलावर शव उठाकर बंदीपुर की ओर ले गए और हाईवे से जुड़ी सड़क पर फेंककर फरार हो गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे व उपनिरीक्षक सुजीत ओझा मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा हमलावरों की तलाश की जा रही है। आशीष उर्फ चिघडू चौहान पूर्व में हत्या के एक मामले में आरोपी था और इन दिनों जमानत पर बाहर चल रहा था। वह मड़ियाहूं स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। बुधवार को उसके बंदीपुर आने की सूचना पर ही हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया।  

संबंधित समाचार