Bareilly : बिना प्लानिंग रोका ट्रैफिक, वर्कशॉप में नहीं जा सकीं रोडवेज बसें, लोग दिन भर रहे परेशान
बरेली, अमृत विचार। बिना योजना के ट्रैफिक रोकने का खामियाजा लोगों ने फिर भुगता। सेटेलाइट पुल के पास बुधवार की दोपहर में वाहन खड़े करके ट्रैफिक रोक दिया गया। इससे पीलीभीत रोड पर आने वाले वाहन सेटेलाइट पुल पर चढ़ गए और पुल खत्म होते ही कैंट इलाके के कट से रांग साइड लेते हुए वापस सेटेलाइट के लिए आने लगे।
इससे लंबा जाम लग गया। दोपहर से रात तक जाम बना रहा। वहीं पीलीभीत जाने वाले वाहनों को गांधी उद्यान और शहामतगंज पुल के रास्ते आसानी से निकाला जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। गलत प्रबंधन के कारण दबाव एक ही मार्ग पर बढ़ गया और स्थिति बिगड़ी रही।
दूसरी तरफ वर्कशाप के बाहर रेस्क्यू अभियान के चलते नाले को खोलकर युवक की तलाश के दौरान बरेली रीजन की वर्कशाप में मरम्म्त काम और डीजल डलवाने समेत अन्य काम को जाने वाली बसें वर्कशाप के अंदर नहीं जा पाईं। ऐसे में सड़क के किनारे रोडवेज बसों को खड़ा कर दिया गया। जिससे रोडवेज बसों की लंबी कतार लग गई है। देर रात तक नाला बंद होने के बाद रोडवेज बसों को वर्कशाप में अंदर जाने दिया गया।
