Uttrakhand: एलपीजी के बाद अब पानी पर मचेगा हाहाकार ! चार साल में इतना घटा गौला का जलस्तर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला बैराज का लगातार कम हो रहे जलस्तर ने सिंचाई और पेयजल विभाग की चिंता को बढ़ा दिया है। पिछले चार सालों में गौला बैराज का जलस्तर सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। बैराज में पानी कम होने से कई इलाकों में सिंचाई संकट बढ़ गया है। हालात यही रहे तो अगले महीने से हल्द्वानी शहर की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा सकती है।

गौला नदी का जलस्तर हर साल घटता जा रहा है और इस बार भी इसके संकेत साफ दिखाई दे रहे हैं। पिछले साल मार्च में 134 क्यूसेक दर्ज किए गए जलस्तर में इस वर्ष लगातार गिरावट देखने को मिली है। 21 मार्च को जलस्तर 120 क्यूसेक था, जो 22 और 23 मार्च को भी 120 क्यूसेक पर बना रहा। 24 मार्च से गिरावट शुरू हुई और 24 व 25 मार्च को यह घटकर 115 क्यूसेक पर आ गया। 26 मार्च को भी जलस्तर 115 क्यूसेक ही दर्ज किया गया। इस गिरावट का असर आगामी गर्मियों में पेयजल और सिंचाई पर पड़ेगा। 

जून तक अगर नदी का जलस्तर इसी तरह घटता रहा, तो शहर और आसपास के क्षेत्रों में पानी की कमी का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। जलस्तर में गिरावट का मुख्य कारण वर्षा का कम होना है। स्थानीय लोग भी पानी की कमी को लेकर चिंतित हैं। कई मोहल्लों में लोग टैंकर और निजी पानी की आपूर्ति पर निर्भर होने लगे हैं। जल संस्थान ईई आएस लोशाली ने बताया कि गौला बैराज में वर्तमान जलस्तर सामान्य से कम है लेकिन फिल्टर प्लांट की आपूर्ति अभी नियंत्रण में है। यदि आगामी कुछ दिनों में बारिश नहीं होती है और नदी का जलस्तर लगातार घटता रहा, तो कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति सीमित करनी पड़ सकती है। जनता से अपील है कि पानी का इस्तेमाल बचत के साथ करें ताकि गर्मी के दौरान पेयजल संकट से बचा जा सके।

फिल्टर प्लांट के लिए रोजाना 30 क्यूसेक पानी आवश्यक
हल्द्वानी। गर्मी के सीजन में अधिक पानी की डिमांड को देखते हुए हल्द्वानी शहर के पेयजल व्यवस्था को ठीक करने के लिए जल संस्थान के फिल्टर प्लांट के लिए 30 क्यूसेक पानी गौला बैराज से भेजा जाता है। शहर के आधी आबादी को पेयजल की व्यवस्था गौला बैराज के पानी से की जाती है। ऐसे में जल्द बारिश नहीं हुई तो अगले कुछ दिनों में नदी का जलस्तर काफी नीचे गिर सकता है। जिसके चलते पेयजल और सिंचाई संकट खड़ा हो सकता है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज