Uttrakhand: घरवालों से नाराज होकर दिल्ली से देहरादून पहुंची तीन नाबालिग बहनें
देहरादून, अमृत विचार। परिजनों से नाराज होकर दिल्ली से देहरादून पहुंचीं तीन नाबालिग सगी बहनों को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसआई नीलम पंत के अनुसार, स्थानीय व्यक्तियों से सूचना मिली कि रिस्पना पुल के पास तीन लड़कियां घूम रही हैं, जो बातचीत में घर से नाराज होकर देहरादून आने की बात बता रही है। सूचना पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची लेकिन लड़कियां नहीं मिलीं तो चीता पुलिस के माध्यम से तलाश में तीनों नाबालिग लड़कियां विधानसभा तिराहा के पास घूमते मिलीं।
जिन्हें थाने पर लाया गया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे आपस में सगी बहनें हैं और परिजनों से नाराज होकर अपने घर अनाजमंडी दिल्ली से देहरादून आ गई थीं। इस संबंध में दिल्ली सदर बाजार थाने में संपर्क किया गया तो पता चला कि इन तीनों की गुमशुदगी दर्ज है, जिसके बाद इनके परिजनों से संपर्क कर इनके देहरादून में होने की जानकारी दी गई। सूचना पर बच्चियों के परिजन दिल्ली से देहरादून पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा तीनों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
