एसटीपीआई के लोकार्पण समारोह में बोले सीएम योगी- विकास की रफ्तार को कई गुना बढ़ा सकती है टेक्नोलॉजी
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टेक्नोलॉजी विकास की रफ्तार को कई गुना बढ़ा सकती है और गति को प्रगति में बदल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने कई कार्यक्रम शुरू किए हैं और बजट में टेक्नोलॉजी पर विशेष ध्यान देने का प्रयास किया है।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के गोरखपुर सेंटर के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा," जब हम तकनीक नहीं अपनाते उससे परहेज करते हैं तो प्रतिस्पर्धा में नहीं होते हैं और जब प्रतिस्पर्धा में नहीं होते हैं तो प्रगति की जगह दुर्गति की ओर जाते हैं। हमें प्रगति की ओर नहीं जाना है बल्कि प्रगति का अनुसरण करना है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं में बहुत टैलेंट है। उसके टैलेंट को जब हम टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ते हैं तो वह अपनी प्रतिभा को कई गुना तेजी के साथ आगे बढ़ाने में सफल होता है। यही कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में देश में किया है। योगी ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी भारत में है। यहां युवाओं में स्केल तो था लेकिन उसे वर्ष 2014 के पहले की सरकारों ने महत्व नहीं दिया। स्केल को स्किल में बदलने का प्रयास नहीं कियाए कोई प्लेटफार्म नहीं उपलब्ध करवाया। परिणाम था कि युवा हतोत्साहित होता था, पलायन करता था।
युवाओं के मन में निराशा थी पर 2014 के बाद एक.एक करके हर एक क्षेत्र में परिवर्तन देखने को मिल रहा है न केवल भारत सरकार के स्तर पर बल्कि हर जनपद स्तर पर युवाओं के स्केल को स्किल में बदलने के लिए अनेक कार्यक्रम प्रारंभ हुए। उन कार्यक्रमों की श्रृंखला में एसटीपीआई का गोरखपुर केंद्र भी अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि इसका शुभारंभ वासन्तिक नवरात्र की अष्टमी तिथि पर होना शुभ लक्षण है और हम सब का ध्यान आकर्षित करता है कि वास्तव में इसका भविष्य उज्जवल है।
