Uttrakhand: पेशा मजदूरी और धंधा स्मैक का, लाखों की स्मैक संग दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पेशे से मजदूर और स्मैक के लती दो युवकों को काठगोदाम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों युवक न सिर्फ नशा करते बल्कि लोगों को बेचते भी थे। इनके पास से पुलिस ने लाखों रुपए कीमत की स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक आरोपी ऊधमसिंह नगर से खरीद कर लाए थे और जिससे खरीद कर लाए थे उसका नाम भी उन्होंने पुलिस के सामने उगल दिया है।

सोमवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि बीती 22 मार्च को काठगोदाम पुलिस ने वन विभाग की जू डंपिंग जोन से देवलचौड़ बंदोबस्ती फूलचौड़ निवासी 29 वर्षीय आनन्द सिंह रावत पुत्र दिवान सिहं रावत और देवलचौड़ फूलचौड़ निवासी 21 वर्षीय रोहित थापा पुत्र पप्पू थापा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जब दोनों को पकड़ा तो दोनों डंपिंग जोन में बैठ कर बीड़ी पी रहे थे। शक होने पर दोनों को बारी–बारी उठाया तो आनन्द सिंह रावत और उसके दोस्त रोहित के कब्जे से स्मैक के साथ फॉइल पेपर, बीडी बंडल, लाइटर, एक पाइपनुमा कागज मिला। 

दोनों को मौके से उठाया गया तो कुल 91.10 ग्राम स्मैक मिली, जो पुलिस को देखते ही दोनों ने अपने नीचे जमीन में छिपा दी थी। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 27 लाख रुपए है। पुलिस टीम में मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार, कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, एसओजी से हेड कांस्टेबल त्रिलोक रोतेला और कांस्टेबल भानू प्रताप थे। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को दो हजार रुपए इनाम की घोषणा की है। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्त में आए दोनों आरोपी पेशे से मजदूर, स्मैक के लती और स्मैक की तस्करी करते हैं। बरामद स्मैक आरोपी ऊधमसिंह नगर के शक्तिफार्म सितारगंज निवासी पिंचू से खरीद कर लाए थे। पुलिस पिंचू की तलाश कर रही है और उसे मुकदमे में सहअभियुक्त बनाया गया है।

संबंधित समाचार