रामनवमी : PM मोदी ने दी देशवासियों को बधाई, सीएम योगी की अपील- शांति और सौहार्द के साथ मनायें पर्व
लखनऊ, अमृत विचार: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम के आदर्श न केवल भारत के लोगों के लिए, बल्कि अंनतकाल तक पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक शक्ति बने रहेंगे। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ''देशभर के मेरे परिवारजनों को रामनवमी की असीम शुभकामनाएं।
त्याग, तप और संयम से भरे मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन से हमें हर परिस्थिति का पूरे सामर्थ्य से सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्श अनंतकाल तक भारतवासियों के साथ-साथ संपूर्ण मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ''मेरी कामना है कि भगवान राम की कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त हो।
CM योगी ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि श्रीराम का चरित्र कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने की प्रेरणा देता है। यही मूल्य ‘रामराज्य’ की संकल्पना का आधार हैं।
सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को श्रद्धा, उल्लास और अनुशासन के साथ मनाएं तथा सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करें।
रामनवमी पर राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रामनवमी के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म और आदर्शों का उदाहरण है। उन्होंने समाज में मर्यादा, त्याग, कर्तव्य परायणता और नैतिक मूल्यों की स्थापना की, जो आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक समरस, सशक्त और आदर्श समाज के निर्माण हेतु प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भाव लेकर आए।
