बाराबंकी : जिन्दगी की जंग हारा सुहेल, मासूम बेटी हुई अनाथ, पिता ने अयोध्या पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार: अयोध्या पुलिस की कथित पिटाई के बाद आत्महत्या का प्रयास करने के बाद लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज करा रहे युवक ने अंतिम सांस ले ली। परिजनों ने शव मिलते ही उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया लेकिन इस घटना को लेकर आक्रोश बराबर बना हुआ है। 

याद दिलाते चलें कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ढेमा निवासी कामेडियन हग्गन के पुत्र सुहेल ने करीब डेढ़ माह पहले घर में ही आत्महत्या का प्रयास किया था। हालत बिगड़ने पर युवक को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार की रात उसकी मौत हो गई। 

मृतक के पिता वसीमुद्दीन उर्फ हग्गन का कहना है कि अयोध्या जिले के इनायत नगर और पटरंगा थाना पुलिस सुहेल को घर से उठाकर ले गई। दावा किया कि सुहेल की इस कदर पिटाई की गई कि वह गहरे मानसिक अवसाद में चला गया। 

परिजनों के अनुसार, इस घटना के बाद से वह न्याय के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसी मामले को लेकर कुछ समय पहले परिजनों के साथ वकीलों व आप कार्यकर्ताओं ने भिटरिया चौराहे पर प्रदर्शन भी किया। हालांकि पुलिस ने इस मामले में प्रदर्शनकारियों पर ही मुकदमा लाद दिया। जिसको लेकर रोष बराबर बना हुआ है। 

मृतक सुहेल की एक छोटी बेटी है, जो अब अनाथ हो गई है, क्योंकि उसने पहले मां के बाद अब पिता को भी खो दिया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग मृतक सुहेल के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते नजर आए।

संबंधित समाचार